लखनऊ (ब्यूरो)। महानगर थाना क्षेत्र की पेपरमिल कॉलोनी स्थित अलाया अपार्टमेंट में शनिवार देर-रात कपड़ा कारोबारी की पत्नी शिवानी कपूर (42) की हत्या कर दी गई। आरोप है कि पति आदित्य कपूर ने हत्या की है। वह भी सिर्फ इसलिए क्योंकि वह पत्नी का मोबाइल देखना चाहता था, लेकिन जब उसे ऐसा करने से रोका गया, तो वह आगबबूला हो गया और चाकू से पत्नी की पीठ पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। महानगर थाना पुलिस ने आरोपी पति आदित्य कपूर (43) के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

अलग रहता था पति

वारदात शनिवार रात करीब 11.30 बजे की है। पेपरमिल कॉलोनी स्थित अलाया अपार्टमेंट की पहली मंजिल के फ्लैट नंबर-101 में शिवानी कपूर अपने बेटे सोहन (14), बेटी पहल (13) के साथ रहती थीं। जबकि पति आदित्य कपूर अपने माता-पिता के साथ इसी एरिया में रहता है। आदित्य अमीनाबाद में कपड़े का काम करता था। शिवानी के भाई सुमित ने बताया कि रात को आदित्य शिवानी के घर पहुंचा। आदित्य इस बीच उसका मोबाइल देखने की कोशिश करने लगा। तभी दोनों में आपस में विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि आदित्य ने शिवानी की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया।

पूरे कमरे में बिखरा खून

आरोपी पत्नी को मारने के लिए किचन की ओर दौड़ा और वहां से चाकू लेकर उसकी पीठ में घोंप दिया। चाकू से लगातार तीन-चार वार किए। जिससे शिवानी लहुलूहान हो गई। शिवानी के चीखने पर आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद आरोपी ने खिड़की से कूदकर भागने लगा। इस दौरान उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसे पकड़ लिया गया। शिवानी के बेटे सोहन ने अपने दादा और दादी को इस घटना के बारे में जानकारी दी।

खिड़की से कूदा आरोपी

पुलिस की जांच में सामने आया कि आदित्य पहले भी सुसाइड करने की कोशिश कर चुका है। शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे वह दुकान से निकला था। शराब के नशे में उसने शिवानी के घर का दरवाजा खटखटाया तो खोला नहीं गया। इसको लेकर बच्चों के सामने ही पति-पत्नी का झगड़ा होने लगा और अचानक आदित्य ने शिवानी पर चाकू से हमला कर दिया। वहीं, सिर में चोट आने के कारण आदित्य को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल से मिली पुलिस को सूचना

अलाया अपार्टमेंट से कुछ घर छोड़कर आदित्य के माता-पिता रहते हैं। शिवानी के लहुलूहान होने की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। यहां पर शिवानी ड्राइंग रूम में खून से लथपथ मिली। आनन-फानन में वे शिवानी को लोहिया अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से पुलिस को मामले की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर जांच शुरू की। पुलिस को बेड पर खून से सना चाकू मिला है।

नशे का भी आदी

इस घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोग दहशत में हैं। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया कि शिवानी का परिवार बहुत अच्छा है। वे ज्यादा किसी से मतलब नहीं रखते हैं। बच्चे सोहन और पहल भी सभी के लाडले हैं। अब उनके सिर से मां का साया हट जाने से सभी को बहुत दुख हो रहा है। उन्होंने बताया कि आदित्य नशे का लती है।

मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी हिरासत में है। वह घायल है और उसका इलाज चल है।

अपर्णा रजत कौशिक, डीसीपी, सेंट्रल