- पीडि़ता की मां ने रिश्ते के भाई के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट

Meerut : रिश्तेदारी के मामा ने 12 वर्षीय भांजी को घर में बंधक बनाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। 14 सितंबर की रात्रि हुई इस घटना की पीडि़त पक्ष ने 23 सितंबर को थाना ब्रह्मापुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी मामा और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

ये था घटनाक्रम

ब्रह्मापुरी के शिव शक्तिनगर निवासी कपिल पुत्र ब्रजेश गोयल की रिश्ते की बहन रोहतक में रहती थी। पति से विवाद पर कपिल की रिश्ते की बहन ने अपनी बेटी के साथ मेरठ आ गई। बताया जाता है कि महिला अपने लिए कंकरखेड़ा में किराये पर मकान तलाश रही थी। इस दौरान वह बेटी के साथ कपिल के घर पर ही रह रही थी। 14 सितंबर की रात्रि महिला बेटी को घर पर ही छोड़कर कहीं गई थी। आरोप है कि कपिल ने 12 वर्षीय मासूम को बंधक बनाकर रात्रि में उसके साथ बलात्कार किया। महिला घर पहुंची तो उसकी बेटी ने कपिल पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।

दर्ज कराया मुकदमा

करीब दस दिन बाद 23 सितंबर को मां ने पीडि़ता के साथ हुई आपबीती बताते हुए थाना ब्रह्मापुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बालिका का मेडिकल चेकअप कराया। सूत्रों के मुताबिक मेडिकल में कोई जख्म डॉक्टरों को नहीं मिला तो वहीं दस दिन बाद मेडिकल कराने से घटना से इनकार भी नहीं किया जा सकता है। हालांकि पुलिस अभिरक्षा में आरोपी खुद को बेगुनाह बता रहा था। पुलिस ने कपिल के साथ उसकी मां उर्मिला देवी को भी गिरफ्तार किया है।

बलात्कार के आरोप में 23 सितंबर को मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी कपिल और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।

-याद राम सिंह

एसओ, थाना ब्रह्मापुरी