मेरठ (ब्यूरो)। सदर स्थित बिल्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर प्रांगण स्थित श्रीबालाजी धाम मंदिर में शुक्रवार को 29वां होली महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सबसे पहले मंदिर के महंत पंडित चेतन स्वामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम के मुख्य यजमान पवन गर्ग व दिनेश खन्ना रहे। मंदिर समिति द्वारा नरेंद्र स्वामी महाराज का तिलक व माल्यार्पण किया गया। श्रीबालाजी सेवा संस्थान संकीर्तन मंडल से भजन गायक नकुल स्वामी ने आज ब्रज में होली रे रसिया भजनों से मंत्रमुग्ध कर दिया।

अखंड रामचरितमानस का पाठ
इस दौरान महंत आचार्य मनीष स्वामी ने कहा कि फाल्गुन माह में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, ध्यान व जप करना चाहिए। महंत चेतन स्वामी ने भगवान को भोग लगाकर महाआरती की। आयोजन के पहले दिन अखंड रामचरितमानस का पाठ किया गया था। गौरव गोयल, अंकित गुप्ता, अनुराग माथुर, विभांशु शर्मा, नरेंद्र अग्रवाल, सहदेव, मानसी, हर्षिता व उत्कर्ष स्वामी का विशेष सहयोग रहा।

दी होली की शुभकामना
इस अवसर पर प्रसिद्ध शिवम आर्ट ग्रुप की म्युजिकल राधा कृष्ण की झांकी एवं फूलों की होली खिलाकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस बीच विभिन्न भजन आज बिरज में होली रे रसिया, मधुबन में भले कान्हा, होली खेल रहे नंदलाल आदि के साथ थिरकते हुए भक्तों ने भक्तिमय माहौल बना दिया। इसके बाद सभी भक्तों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।