मेरठ (ब्यूरो)। हो सकता है कि दीपावली पर सोना आपको 70 हजार प्रति 10 ग्राम के रेट पर मिले। आप सोचेंगे ऐसे कैसेचलिए बता दूं कि इजरायल और हमास के बीच दो दिन से छिड़े युद्ध के चलते सोने के दाम में एक हजार रूपए बढ़ोतरी हो गई है। यदि युद्ध यूंही चलता रहा तो दीपावली पर गोल्ड का दाम 70 हजार रुपए तक पहुंच जाएगा। वहीं चांदी की कीमत में भी इजाफा दर्ज किया गया है। इस बढ़ोतरी ने गोल्ड में निवेश करने वाले दुनियाभर के निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

ऐसे बढ़े दाम
6 अक्टूबर को 24 कैरेट सोने का भाव 58,550 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो शनिवार को 58,660 रुपये रहा। यानी एक ही दिन में कीमत में करीब 700 रुपये का उछाल आया था। वहीं सोमवार को गोल्ड का दाम बढ़कर 59,800 रुपए पहुंच गया। चांदी का प्रीमियम 1000 रुपये प्रति एक किलोग्राम से बढ़कर 3500 रुपये प्रति एक किलोग्राम हो गया, जो पहले यह 2500 प्रति एक किलो था।

युद्ध में आर्थिक संकट आने की संभावना के चलते दुनियाभर में गोल्ड की मांग बढ़ जाती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि निवेशक गोल्ड को इन्वेस्टमेंट का सुरक्षित विकल्प मानते हैं। वहीं इंडिया बुलियन ट्रेड कॉरपोरेशन के अनुसार भारत में सोने और चांदी की खपत ज्वैलरी, निवेश और केंद्रीय बैंक में रिजर्व के द्वारा होती है।
मनोज गर्ग, कोषाध्यक्ष, मेरठ बुलियन एसोसिएशन

युद्ध के दौरान राजनीतिक जोखिम से सोने और डॉलर जैसी संपत्तियों में खरीदारी बढ़ सकती है। संभावित रूप से अमेरिकी ट्रेजरी की मांग बढ़ सकती है। वहीं जब भी अंतरराष्ट्रीय उथल-पुथल होती है तो वैसे भी डॉलर मजबूत होता है। डॉलर का दाम भी बढऩा शुरू हो गया है जिससे भारत में गोल्ड के दाम पर भी असर पड़ेगा।
डॉ। संजीव अग्रवाल, अध्यक्ष, युनाइटेड ज्वेलर्स एंड मैन्युफैक्चरर फेडरेशन

गौर करने वाली बात है के रविवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया, लंदन ओटीसी बाज़ार, अमेरिकी वायदा बाज़ार और शंघाई गोल्ड एक्सचेंज (एसजीई) सभी बंद थे जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाव नहीं खुले फिर भी सोने के भाव 1500 प्रति 10 ग्राम बढ़कर 59700 रुपये और चांदी के भाव 2500 प्रतिकिलोग्राम बढ़कर 71500 तक पहुंच गए हैं।
आशुतोष अग्रवाल, अर्थशास्त्री