मेरठ (ब्यूरो)। पांच साल के बच्चों को 12 गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए सात अगस्त से सघन मिशन इंद्रधनुष- 5.0 अभियान की शुरुआत की जा रही है। तीन चरणों में आयोजित होने वाले इस टीकाकरण अभियान में शून्य से पांच वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को नियमित टीके और गर्भवती को टिटनेस-एडल्ट डिप्थीरिया (टीडी) के टीके लगाए जाएंगे।

अभियान के लिए टीम गठित
इस संबंध में शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय के सम्मलेन कक्ष में प्रेस वार्ता का आयोजन कर अभियान की जानकारी दी गई। मीडिया को जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ। अखिलेश मोहन ने बताया कि नियमित टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण करने का निर्देश शासन से मिला है। सघन मिशन इंद्रधनुष-5.0 की गतिविधियां संचालित किए जाने के लिए शासन से तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। अभियान के तहत शहरी क्षेत्र में टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय तैयारी पूरी कर ली गईं हैं। अभियान के लिए टीम भी गठित कर दी गई हैं।

तीन चरणों में होगा अभियान
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ। प्रवीण गौतम ने बताया कि तीन चरणों में चलने वाले सघन मिशन इंद्रधनुष-5.0 का प्रथम चरण सात अगस्त से शुरू होगा। इसका द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर और तृतीय चरण नौ से 14 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि जनपद में 1530 सेशन चलाए जाएंगे। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 18 हजार 546 बच्चों के वैक्सीनेशन का टारगेट रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सीमावर्ती इलाकों, ईंट भ_ों, निर्माणाधीन साइट, दुर्गम क्षेत्रों में विशेष रूप से टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया टीकाकरण से अक्सर विस्थापित परिवार छूट जाते हैं। इसमें बड़ी संख्या में मजदूर वर्ग आता है। कामकाज के हिसाब से यह लोग विभिन्न प्रदेशों और शहरों में घूमते हैं। इनके बच्चों का विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा। इसके अलावा जिले की सीमा से सटे इलाकों में बसे लोगों के बच्चों का भी विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा। अभियान के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

सात बार दिए जाएंगे टीके
उन्होंने बताया कि अभियान का नाम सघन मिशन इंद्रधनुष इसलिए रखा गया है क्योंकि इस अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को 12 बीमारियों से प्रतिरक्षित करने के लिए सात बार टीके लगाए जाते हैं। इसे 5 साल+7 बार+12 बीमारियों पर वार के स्लोगन से भी याद रखा जाता है। इसके अलावा उन गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण भी किया जाता है जो टीडी टीके से वंचित रह जाती हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह टीकाकरण अभियान पूरी तरह फ्री होता है।

अभियान में लगेंगे ये टीके
सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को बीसीजी, ओपीवी, पेंटावेलेंट, रोटा वैक्सीन, आईपीवी, मीजल्स, विटामिन-ए, डीपीटी बूस्टर डोज, मीजल्स बूस्टर डोज और बूस्टर ओपीवी, पीसीवी के टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा अभियान में गर्भवती महिलाओं को टीडी का टीका लगाया जाएगा। इस मौके पर एसीएमओ आरसीएस डॉ जावेद हुसैन, यूनिसेफ से नजमू निशा, डब्ल्यूएचओ से डॉ। प्रिया बंसल, पीएसआई से प्रवीण कौशिक और बब्बन शुक्ला आदि मौजूद रहे।