- मास्क पहने ग्राहकों को ही पेट्रोल-डीजल देने के आदेश बेमानी

- मास्क की जगह गमछा और रूमाल बांधकर लोग ले रहे पेट्रोल

Meerut । शहर के लोगों को लॉकडाउन के नियमों का पालन कराने के लिए प्रशासन भले ही पूरी तरह से सख्त हो। लेकिन शहर के लोग उसे मानने के लिए राजी ही नही हो रहे हैं। सरकार ने आदेश दिया है कि बिना मास्क के घरों से बाहर ना निकलें, लेकिन इस नियम का पालन करना भी लोगों को मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सरकार ने पेट्रोल पंप पर आने वाले वाहन चालकों को बिना मास्क के पेट्रोल या डीजल ना देने का भी नियम 20 अप्रैल से लागू कर दिया, लेकिन इसके बाद भी पेट्रोल पंपों पर इस नियम का पालन तक भी नही हो रहा है। अधिकतर पेट्रोल पंप पर ना तो मॉस्क लगाने का नोटिस चस्पा और ना ही मास्क देखकर पेट्रोल डीजल दिया जा रहा है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम ने शहर कुछ पेट्रोल पंप पर इस स्थिति का रियलिटी चेक किया तो अधिकतर पंप पर लापरवाही नजर आ रही थी।

बिना मास्क मिल रहा पेट्रोल

गढ़ रोड स्थित पंप पर लॉकडाउन के दौरान सुबह सवेरे पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का कहीं पालन नही दिख रहा था। दैनिक आईनेक्स्ट टीम ने जब पंप पर जाकर देखा तो बिना मास्क लगाए वाहन चालकों को भी पंप के कर्मचारी बिना की किसी रोक टोक के आसानी से तुरंत तेल दे रहे थे। पंप पर कहीं भी बिना मास्क के पेट्रोल या डीजल नही मिलेगा, इससे संबंधित पोस्टर नही लगा था। हालांकि अधिकतर ग्राहक मास्क लगाकर ही पहुंचे थे लेकिन कुछ बिना मास्क के आसानी से तेल लेते दिखे।

हेल्मेट की आड़ मे लापरवाही

सरकार ने नियम बनाया है कि बिना मास्क वाहन चालक को पेट्रोल डीजल ना दिया जाए। ऐसे में पंप पर आने वाले दुपिहया वाहन चालक हेल्मेट की आड़ में बिना मास्क के पेट्रोल ले रहे हैं। डीज आई नेक्स्ट टीम ने जब तेजगढ़ी स्थित पेट्रोल पंप पर देखा तो वहां ना तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा था और ना ही पंप पर कहीं भी बिना मास्क के तेल नही मिलेगा जैसा नोटिस चस्पा था। वहीं पेट्रोल लेने आए कुछ दुपहिया वाहन चालक केवल हेल्मेट पहने हुए थे मास्क नही लगाया हुआ था। पंप कर्मचारी भी वाहन चालकों का मास्क तक नही देख रहे थे बस उनको तेल दिया जा रहा था।

गमछा लगाकर ले रहे पेट्रोल

वहीं पेट्रोल पंप पर आने वाले जिन ग्राहकों के पास मास्क नही है वह केवल गमछा या रुमाल बांध कर वाहन में तेल डलवा रहे हैं। हालांकि खुद सरकार ने मास्क ना होने पर गमछा या रुमाल बांध कर सुरक्षित रहने की सलाह दी है लेकिन तेल लेने के लिए रुमला गया गमछा एक बहाना भी बन गया है। विवि रोड स्थित पंप पर कुछ युवक बिना मास्क के पहुंचे लेकिन जब कर्मचारी ने तेल देने से मना कर दिया तो उन्होंने अपने गले में लटका गमछा मुंह पर बांध लिया। इसके बाद पंप से तेल मिल गया।

वर्जन्-

सभी पंप संचालकों को यह सूचना दे दी गई है कि बिना मास्क के किसी भी वाहन चालक को डीजल व पेट्रोल ना दें। साथ ही यह भी आदेश दिया गया है कि पंप पर बिना मास्क तेल नही मिलेगा यह संदेश का डिस्पले भी चस्पा कर दें। इसके बाद भी यदि किसी पंप पर इसका पालन नही हो रहा है तो उस पर प्रशासन स्तर से कार्रवाई

की जानी चाहिए।

- आरके जैन, पेट्रोल पंप डीलर एसो। अध्यक्ष