अभियान

पर्यावरणविद डॉ। अनिल जोशी ने किया समाज को जागरूक

पर्यावरण बचाना सबका सामूहिक दायित्व

- पर्यावरण पर राजनीति न करें कोई भी राजनीतिक दल

- जन्मदिन पर केक की जगह वृक्ष लगा समाज को दें संदेश

Meerut : पर्यावरण को बचाना किसी एक का दायित्व नहीं है। न ही किसी सरकारी विभाग का काम है। यह एक सामूहिक दायित्व है। पर्यावरण पर कोई भी राजनीतिक दल राजनीति न करे। बल्कि पर्यावरण को कैसे बचाया जाए इस पर एक साथ मिलकर काम करें। यह बात पर्यावरणविद डॉ। अनिल जोशी ने कही। वह यहां एक कार्यक्रम के दौरान आई नेक्स्ट से बात कर रहे थे।

केक काटना बंद करें

पर्यावरणविद डॉ। अनिल जोशी का कहना है कि घर में जन्मदिन पर केक काटने की प्रथा को बंद करना चाहिए। उसकी जगह अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाएं। फिर उसकी देखभाल करें। इसके लिए समाज को प्रेरित करना चाहिए। लोगों को पौधरोपण कर संदेश देना चाहिए।

देह दान की जगह पौधरोपण

समाज में लोग देह दान करते हैं। अच्छी बात है, लेकिन उससे भी अच्छी बात यह होगी कि देह दान की जगह अपनी शरीर की राख को मिट्टी में मिलाकर उससे एक पौधा लगाएं। अपने परिवार से यह संकल्प दिलाएं।

जरूरतों को कम करें

अपनी आवश्यकताओं को कम करें। भोग विलासिता के कारण लोग पर्यावरण को दूषित कर रहे हैं। जितना पानी पीना है उतना पानी लेना चाहिए। उसको बेकार नहीं करना चाहिए।

बैंकों पर अंकुश हो

शहरों में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या का जिम्मेदार बैंक हैं। उन पर अंकुश लगाना चाहिए। बैंक लोगों को सपना दिखाते हैं। पर्यावरण को प्रदूषित करने में कहीं न कही सबसे ज्यादा जिम्मेदार बैंक ही हैं। लोगों को कार को शेयर करके जाना चाहिए। एक कार में एक व्यक्ति ही चलता है। घर में जितने सदस्य उतने वाहन हैं।