मेरठ (ब्यूरो)। दीपावली के स्वागत के लिए हर साल की तरह इस बार भी बर्तनों का बाजार सज गया है। धनतेरस के लिए शहर के बर्तन कारोबारी पूरी तरह से तैयार हैं। धनतेरस पर बर्तन के साथ लोग परंपरागत बर्तनों के साथ इलेक्ट्रिक गुड्स को अधिक पसंद कर रहे हैं। इलेक्ट्रिक केतली, इंडक्शन, ओवन और मल्टी बर्नर चूल्हे को भी पसंद कर रहे हैं। ग्राहकों की पसंद के अनुसार हर साल की तरह दुकानदारों ने सभी तरह के बर्तन दुकानों में सजा रखे हैं।

एक दिन में लाखों का कारोबार
धनतेरस के दिन बर्तन बाजार की रौनक ही कुछ और होती है। इस दिन बर्तन आदि सामान खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में हर कोई अपने बजट के अनुसार अपनी जरूरत का सामान खरीदने के लिए दुकानों पर जरूर आता है। जिस किसी को बर्तन की आवश्यकता नहीं होती है। वह भी धनतेरस पर शगुन करने के लिए बर्तन बाजार से कुछ न कुछ खरीदकर ले जाता है। इस ट्रेंड को देखते हुए इस बार भी बाजार में नए डिजाइन के बर्तन सज गए हैं।

धनतेरस पर सबसे ज्यादा बिक्री
इसके अलावा ग्राहक अब धनतेरस पर इलेक्ट्रिक केतली, मल्टी बर्नर चूल्हा, इंडक्शन भी खरीदने लगे हैं। आम दिनों में एक माह में जो बर्तन आदि सामान की बिक्री होती है धनतेरस के दिन एक दिन में ही उतनी या उससे अधिक तक बिक्री हो जाती है।

पूजा के बर्तन तक सजे
धनतेरस के लिए ज्यादातर ग्राहक रोजाना प्रयोग होने वाले गिलास, कटोरी, चम्मच, थाली, डोंगे, जग, लोटा आदि बर्तन की खरीद करते हैं। इसके अलावा बर्तन स्टैंड, गोल्टा, कुकर, डिनर सेट, पीतल के दीपक, तांबे के लोटा आदि हर तरह का बर्तन दुकानों पर मौजूद है। धनतेरस के लिए दुकान में रोजना प्रयोग में होने वाले बर्तनों के अलावा स्टील के डिनर सेट, कूकर, पूजन के लिए तांबे का लोटा, बर्तन स्टैंड, पीतल के दीपक पूजा के सामान मौजूद है।

नॉन स्टिक की भरमार
ग्राहकों की पसंद को देखते हुए बाजार में स्टील के बर्तनों की पूरी रेंज तैयार हो गई है। डिजाइनिंग थालियां, कटोरी, गिलास के अलावा मल्टी बर्नर चूल्हा, इंडक्शन, ओवन की भी धनतेरस पर खरीद होती है। इसके अलावा नॉन स्टिक बर्तनों की मांग भी है। धाॢमक परंपरा निभाने के लिए लोग धनतेरस पर सामान्यत बर्तन खरीदते हैं। धनतेरस की पूजा के लिए सबसे ज्यादा मांग स्टील के बर्तनों की रहती है। बाजार में लोहे के बर्तन भी हैं। लोहे के बर्तन भी घरों में मिलते हैं। लोहे के बर्तनों में खाना बनाना अच्छा माना जाता है। जबकि एल्युमिनियम के बर्तन आयरन और कैल्शियम को सोखते हैं।

चांदी के बर्तनों का भी सजा बाजार
धनतेरस पर स्टील, तांबा, पीतल के बर्तनों के साथ हर साल चांदी व सोने के बर्तनों की भी जमकर बिक्री होती है। इसको ध्यान में रखते हुए व्यापारियों ने चांदी के बर्तनों की रेंज भी तैयार कर दी है। इसमें चांदी की चम्मच, कटोरी, थाली, गिलास आदि प्रमुख आटइम की डिमांड अधिक रहती है। धनतेरस पर पीतल और तांबे के बर्तनों की मांग भी रहती है। पूजा थाली, पीतल की थाली, देवी देवताओं की मूॢत, कुकर, डोंगा सेट, बर्तन स्टेंड, बाल्टी, पीतल एवं तांबे का लोटा, जग, तवा, कटोरी आदि की अधिक होती है इसलिए उनकी पूरी रेंज बाजार में उपलब्ध है।

धनतेरस पर हर ग्राहक कुछ ना कुछ खरीददारी करता है। इसलिए व्यापार अच्छा रहेगा। हालांकि हर साल बढ़ रहे स्टील के दाम का असर इस बार भी बाजार पर दिखेगा। स्टील गत वर्ष की तुलना में महंगा होने के कारण बर्तनों के दाम 25 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं।
मनीष अग्रवाल, अग्रवाल बर्तन स्टोर

इस धनतेरस पर व्यापार अच्छा रहेगा। ग्राहक खरीददारी करने के मूड में है। वहीं, अब घरों में स्टील के बर्तनों का उपयोग अधिक होता है। इसके चलते स्टील बर्तन की अच्छी बिक्री होगी।
दीपक अरोरा, बालाजी बर्तन स्टोर

बर्तन की खरीद धनतेरस पर शुभ मानी जाती है। ऐसे में ग्र्राहकों की पसंद को देखते हुए बाजार में हल्के से लेकर भारी सभी प्रकार के बर्तनों की वैरायटी उपलब्ध है। इलेक्ट्रिक आइटम भी ग्राहक बहुत अधिक पसंद करते हैं इसलिए इंडक्शन, ओवन, इलेक्ट्रिक केतली सब उपलब्ध है।
मोहित, मोहित स्टील, शास्त्रीनगर

धनतेरस पर सोने और चांदी के बर्तनों की मांग रहती है। धनाढ्य वर्ग चांदी और सोने के बर्तनों की खरीदारी करते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए चांदी की चम्मच, कटोरी, थाली, गिलास आदि तैयार कराए गए हैं।
अनुज वर्मा, ज्वैलर्स