मेरठ ब्यूरो। मेरठ नगर निगम की कमान एक बार फिर बीजेपी उम्मीदवार हरिकांत अहलूवालिया को मिली है। उन्होंने एक लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल करके इतिहास रच दिया। नवनिर्वाचित महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने जीत के बाद सिटी के डेवलपमेंट का ब्लूप्रिंट पेश किया। पेश हैं नवनिर्वाचित मेयर हरिकांत अहूलवालिया से बातचीत के कुछ अंश

आप चुनाव जीत चुके हैं, आगे आपकी क्या कार्य योजना होगी

हम चुनाव अच्छा लगने के लिए जीतने नहीं आए हैं। हमारा मकसद है कि महानगर का डेवलपमेंट हो। केंद्र सरकार के डेवलपमेंट की तर्ज पर अब शहर का भी विकास कराया जाएगा।

अब ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है। कैसा फील कर रहे हैं

अब शहर के विकास के नए मानक गढ़े जाएंगे। स्वच्छता में इंदौर मॉडल को अपनाया जाएगा। इसके आधार पर ही विकास योजनाएं बनाईं जाएंगी। पिछले कार्यकाल में कई कार्य प्रस्ताव तक ही सीमित रह गए थे। वे पूरे किए जाएंगे। हमारी पार्टी की अपनी कार्यशैली है। हम सब मिलकर मेरठ को एक खूबसूरत महानगर बनाएंगे।

कहा जा रहा है पतंग ने बीजेपी को फायदा पहुंचाया है।

हम इन सब बातों को बेकार की बातें समझते हैं। हम इन्हें कुछ नहीं समझते हैं। भारतीय जनता पार्टी की एक अपनी संस्कृति है, एक संस्कार हैं। हमारे संगठन की शक्ति हमारे कार्यकर्ता हैं। इन्हीं के बलबूते हम इतिहास रचते हैं। दूसरे दलों में तो लोगों के लिए दरवाजा तक नहीं खुलता है। इन्होंने क्या किया है, यह सब जानते हैं।

समाजवादी पार्टी को आपने पटखनी दी है। आप क्या कहेंगे

ये पटखनी खाने लायक ही थे। अब पूरे देश और प्रदेश में इनका यही हाल होने वाला है। जनता अब सब हकीकत जान गई है।

आपकी अगली कार्ययोजना क्या होगी

मैं चुनाव प्रचार में भी कहा था कि शहर का विकास इंदौर की तर्ज पर कराएंगे। साफ व स्वच्छ बनाना मेरा सपना है। इंदौर सिटी के प्रत्येक कार्य का अध्ययन करके उस मॉडल को लागू कराएंगे। जल निकासी, सीवेज निस्तारण, कूड़ा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था का प्लान तैयार कराएंगे। खुले नाले, उनमें डाले जाने वाले कूड़े और उनकी सफाई बड़ी समस्या है इसका व्यवस्थित प्लान तैयार होगा।