-मृतक के पेट पर गोली मारने की निशान, कई जगह जख्म

-करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद नाले से निकाला गया शव

-देरशाम तक नहीं हो सकी मृतक युवक की शिनाख्त

Meerut: परतापुर क्षेत्र में पॉलीटेक्निक कालेज के पास गंदे नाले में युवक का गोली लगा शव मिला है। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और दमकल विभाग ने शव को बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान दिल्ली रोड पर काफी देर जाम लगा रहा।

क्रेन निकाला शव

दिल्ली रोड पर पॉलीटेक्निक कालेज के पास गंदे नाले में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद करीब 11 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। रस्सियां डालकर शव को बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन बात नहीं बनी। इस दौरान स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। बाद में पुलिस ने फायर ब्रिगेड और क्रेन मौके पर बुला ली। कड़ी मश्क्कत के बाद किसी तरह से क्रेन से किनारे पर लाया गया।

लगा रहा जाम

शव को निकालाने के दौरान दिल्ली रोड पर करीब आधे घंटे जाम लगा रहा। पुलिस ने शव के शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन कोई पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिले निशान

मृतक की आयु करीब 30 से 35 के बीच बताई गई है। मृतक के पेट पर बाई ओर गहरा घाव बना है। जानकारों की मानें तो ये घाव या तो गोली का है। फिर किसी चाकू से प्रहार किया गया है। इसके अलावा शरीर पर कई अन्य जगह भी चोट के निशान हैं। ऐसे में ये आशंका प्रबल है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है।

हस्तिनापुर क्षेत्र के रजवाहे में अज्ञात महिला का नग्न शव मिला

सैफपुर नंगला चांद के समीप रजवाहे में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव देखने के लिए सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बामुश्किल बाहर निकालकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया और शिनाख्त न होने पर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव नंगला चांद के समीप से बह रहे रजवाहे में मंगलवार प्रात राह चलते लोगों ने एक अज्ञात महिला का शव फंसा होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बामुश्किल शव को झाल से बाहर निकाला और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। पुलिस का मानना है कि शव की स्थिति देखते हुए लगता है कि शव लगभग दस दिन पूर्व का है। पानी में रहने के कारण शव के सिर से बाल पूर्ण रूप से साफ थे और वह नग्न अवस्था में थी। उसके हाथ और पैर उसी के कपड़ों व रस्सी से बांध रखे थे। महिला के शव का पेट भी काफी फूला हुआ था। जिसे देखकर प्रतीत हो रहा था कि महिला गर्भवती भी हो सकती है। संभवतया प्रतीत होता है कि महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। महिला की उम्र करीब 35 वर्ष के लगभग होगी। यह सूचना पाते ही गांव के लोग रजवाहे पर पहुंच गए परंतु शव में दुर्गंध होने के कारण लोग दूर ही रहे। एसआई राजबीर सिंह विशनोई का कहना है कि शव के संबंध में कुछ नही कहा जा सकता क्योंकि स्थिति स्पष्ट नही हो पा रही है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।