-दोनों पक्षों की ओर से हुआ जमकर पथराव

- दोनों पक्षों ने दी थाने में तहरीर, पांच गंभीर घायलों को मेरठ रेफर किया

Mawana: जयसिंहपुर गांव में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। संघर्ष के दौरान एक पक्ष ने छतो पर चढ़कर जमकर ईट बरसाई। पथराव में दोनों पक्षों से तीन महिला सहित नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी मवाना में भर्ती कराया। घायल को गंभीर देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। पीडि़त पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी हैं।

जमकर हुआ पथराव

थानाक्षेत्र के गांव जयसिंहपुर में चंदर परिवार की रिश्तेदारी में आई युवती से गांव के युवक ने छेड़छाड़ कर दी। घटना का विरोध करने पर दोनों पक्षों में जमकर खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान सुंदर पक्ष ने एकत्र होकर चंदर पक्ष पर जानलेवा हमला बोलते हुए छतों से ईटें बरसा दी। पथराव में चंदर पक्ष से कांछित, मोनू, जसबीर, बिन्नू व रजनी गंभीर घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से सुंदर, जावित्री व शशी घायल हुए हैं। विवाद में दोनों पक्षों से तीन महिला समेत 9 लोग गंभीर घायल हो गए। संघर्ष की सूचना कंट्रोल रूम में प्रसारित होते ही थाना पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंची और संघर्ष में घायल हुए लोगों को मवाना सीएचसी में भर्ती कराया।

मेरठ के लिए किया रेफर

चंदर पक्ष से पांच गंभीर घायलों की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने मेरठ प्यारेलाल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों से पांच लोगों को अपनी हिरासत में लेकर थाने की हवालात में बंद कर दिया है। समाचार भेजे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।