-गंगा दशहरा पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान, निभाई पर्व की परंपरा

-सामाजिक संस्थाओं ने कार्यक्रमों का आयोजन कर लिया गंगा के अविरल और निर्मल करने का संकल्प

VARANASI: गंगा अवतरण के पावन पर्व गंगा दशहरा पर रविवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर अपना इहलोक संवारा। वहीं दूसरी ओर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन कर गंगा को अविरल और निर्मल बनाने का संकल्प लिया। हजारों लाखों साल पहले आज के दिन ही मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। तब से ही इस दिन को गंगा दशहरा के रूप में मनाया जाने लगा। इस दिन गंगा के पवित्र जल में स्नान करने से समस्त पापों का अंत होने की मान्यता है। इसी मान्यता के निर्वाह में लोगों ने गंगा में डुबकी लगायी।

गुड्डे गुडि़यों को किया समर्पित

गंगा दशहरा के पर्व पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का रेला उमड़ने लगा था। कुंवारी कन्याओं ने अच्छे घर-वर की कामना में गुड्डे-गुडि़यों को गंगा को समर्पित किया। शहर के देवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची। गंगा दशहरा के महापर्व पर शाम को गंगा घाटों पर कुछ अलग ही नजारा दिखा। एडमिनिस्ट्रेशन की ओर से पर्व के मद्देनजर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। घाटों पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था।

सामाजिक संगठन ने किया कार्यक्रम

सामाजिक संगठनों की ओर से इस अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। गंगा सेवा अभियानम् के बैनर तले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में केदार घाट पर माता गंगार्चन के कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में ख्,भ्ख्भ् महिलाओं ने गंगा का अर्चन किया। गंगोत्री सेवा समिति दशाश्वमेध घाट पर गंगा पूजन व दीपदान का आयोजन हुआ। गंगा सेवा निधि ट्रस्ट की ओर से भव्य आरती का आयोजन हुआ। भागीरथी सेवाअर्चन समिति, जागो बनारस, सूर्या फाउंडेशन, असि बचाओ समिति आदि संस्थाओं की ओर से भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।