- कांग्रेस पार्षदों का एक प्रतिनिधि मंडल ने मेयर से मुलाकात कर किया सवाल

- बताया आरटीआई से जो जानकारी निगम ने दी वह सब गलत निकली

VARANASI

मेयर साहब बताइये काशी को क्योटो कैसे और कब बनाया जाएगा? इसके लिए क्या प्लान तैयार किया है। ये सवाल कांग्रेस के नेताओं और पार्षदों ने मेयर राम गोपाल मोहले से किया है। कांग्रेस पार्षद व छावनी बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने मेयर से मुलाकात की। कांग्रेसियों ने सवाल किया कि जनता सवाल कर रही है कि बनारस को क्योटो बनाने के लिए करार तो हो गया लेकिन काशी क्योटो कैसे बनेगी?

निगम ने दी गलत जानकारी

डेढ़ साल पहले भारत और जापान के बीच समझौता हुआ था। जिसमें क्योटो की तर्ज पर काशी का विकास होना तय हुआ था। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि बीते माह आरटीआई के तहत निगम से जानकारी मांगी गयी थी तो पहले तो जानकारी देने से इनकार किया गया। मेयर के हस्तक्षेप के बाद समझौते की एक कॉपी उपलब्ध करायी गयी। इसमें सारनाथ और सिटी में विकास से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं दी गयी।

झूठी निकली सारी जानकारी

आरटीआई के माध्यम से दी गयी जानकारी का सत्यापन कराया गया तो सब झूठ निकला। जानकारी में शहर के विकास का कोई प्लान भी नहीं है। इस बीच नार्वे के काशी विकास में सहयोग की बात भी सामने आ रही है। स्मार्ट सिटी को लेकर भी कोई साफ दृष्टिकोण नहीं है। शहर का विकास किस तरह करना है इसकी जानकारी तो आपकी ओर से जनता को मिलनी चाहिए। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से पार्षद रमजान अली, शाजिद अंसारी, असलम खां, एखलाक अहमद, डॉ। अख्तर अली मौजूद थे।