- चंद्रबनी खालसा से सटे जंगल में महिला का किया मर्डर

- जंगल से मिली महिला की अ‌र्द्धनग्न लाश

- मौके से एक साइकिल, सफेद शर्ट और कैरोसिन बरामद

DEHRADUN पटेलनगर थाना इलाके के चन्द्रबनी खालसा के जंगल में एक महिला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर खेल रहे बच्चों ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद ग्राम प्रधान सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची तो मौके से महिला का शव अ‌र्द्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस को मौके से एक साइकिल, एक सफेद रंग की शर्ट, कैरोसिन और थिनर की बोतल से भरा थैला बरामद हुआ है। महिला की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।

बच्चों ने सुनी महिला की चीख

घटना की जानकारी देते हुए एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि पटेलनगर थाना इलाके के चंद्रबनी खालसा में सुबह करीब साढ़े दस बजे कुछ बच्चे जंगल के पास वाले मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान जंगल में घनी झाडि़यों के बीच एक महिला की चीखें उन्हें सुनाई दीं। बच्चों को लगा कि कोई महिला पेड़ से नीचे गिर गई है तो उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्राम प्रधान भगवान सिंह समेत आस पास के लोगों ने झाडियों के बीच देखा तो पाया कि अ‌र्द्धनग्न अवस्था में एक महिला का शव जमीन पर पड़ा हुआ है। ग्राम प्रधान भगवान सिंह ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दे दी। बच्चों ने पुलिस को बताया कि एक सफेद शर्ट वाला युवक घटना स्थल से जंगल की ओर भागता हुआ नजर आया।

मौके पर क्0 थानों की पुलिस

सूचना मिलने के बाद एसएसपी, एसपी सिटी, एएसपी सदर समेत शहर के क्लेमेनटाउन, पटेलनगर, वसंत विहार, डालनवाला, रायपुर, नेहरू कॉलोनी, प्रेमनगर, कोतवाली और कैंट थाने की फोर्स मौके पर पंहुच गई। शहर के दस थानों की फोर्स ने आशारोड़ी, चन्द्रबनी के जंगलों में कॉबिंग शुरू की। पुलिस को घटना स्थल से एक साइकिल, एक लकड़ी का फट्टा, एक फार्मा कंपनी की सफेद शर्ट और एक थैला बरामद हुआ। थैले में एक बोतल मिट्टी तेल, एक थिनर की बोतल और एक एसिड की बोतल बरामद हुई। सोमवार देर रात तक मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।

मर्डर से पहले रेप की आशंका

एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि हत्या से पहले महिला से रेप की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता। महिला के शरीर पर कई जख्म भी मिले हैं। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजेज की पड़ताल भी कर रही है।

स्नीफर डॉग्स की ली मदद

पुलिस ने घटनास्थल पर स्नीफर डॉग्स की मदद से कई घंटों तक कॉम्बिंग की, लेकिन पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया। पुलिस और एसओजी की टीम मौके से बरामद साइकिल और थैले के जरिए मामले की पड़ताल कर रही है। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि मौके पर जो साक्ष्य पुलिस को मिले हैं उसके अनुसार हत्यारा पेंटर या मजदूर हो सकता है। पुलिस ने महिला के शव, साइकिल और कपड़ों की शिनाख्त करने वाले को क्0 हजार रुपए का ईनाम देने की भी घोषणा की है।