- छुट्टी पर जा रहा था सिपाही, राइफल जमा करते समय हुआ मिसफायर

DEHRADUN

संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी ही सर्विस राइफल से चली गोली से आइटीबीपी का एक जवान घायल हो गया। उसे एक गोली कंधे में और दूसरी छाती में लगी है। बताया गया कि छुट्टी जाने से पहले वह अपना असलहा जमा कराने जा रहा था। मसूरी स्थित इंडो तिब्बत बार्डर पुलिस में कांस्टेबल अजय कुमार पुत्र ब्रिजलाल (निवासी ग्राम तेहरा, बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश) आइटीबीपी की कॉम्बैट विंग में तैनात है। अजय को छुट्टी पर अपने घर जाना था। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी इंसास रायफल को अकादमी के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के मालखाने जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान मालखाने के बाहर राइफल को अनलोड करते वक्त राइफल का ट्रिगर दब गया। इससे दो राउंड फायर हुए। जिनमें से एक गोली छाती में और दूसरी उसके कंधे में लगी। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में अजय को गोली राइफल अनलोड करते वक्त ही लगी हैं। जवान से गलती से ट्रिगर दब गया था।