-स्मार्ट सिटी पर पहली बार सरकार व संगठन आए आमने-सामने

-प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चाय बागान का स्वरूप नहीं बदलना चाहिए

DEHRADUN: दून में चाय बागान में स्मार्ट सिटी को विकसित किए जाने की राज्य सरकार की सपनों पर खुद सत्तारूढ़ कांग्रेस ने ही पानी फेर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि चाय बागान का स्वरूप बदला नहीं जाना चाहिए। पार्टी इस पक्ष में नहीं है। साफ है कि प्रदेश संगठन के इस निर्णय के के बाद इस मामले में प्रदेश सरकार की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं।

पार्टी अपने रुख ने पीछे नहीं हटेगी

मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए चाय बागान से छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। याद रहे कांग्रेस सरकार इससे पहले केंद्र की स्मार्ट सिटी योजना में चाय बागान क्षेत्र में ग्रीन सिटी का प्रस्ताव केंद्र को भेज चुकी है। यह अलग बात है कि इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने मंजूरी नहीं दी। अब भी स्मार्ट सिटी के लिए मौजूदा दून शहर में रेट्रोफिटिंग और रि-कंस्ट्रक्शन के विकल्प से ज्यादा जोर चाय बागान में ग्रीन सिटी पर दिया जा रहा है। ऐसे में अब खुद कांग्रेस संगठन ने चाय बागान का विरोध कर दिया है। वैसे भी लंबे समय से चल रही इस कसरत के बीच यह पहला मौका है, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने चाय बागान को लेकर अपना नजरिया साफ किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी साफ किया कि पार्टी अपने रुख से पीछे नहीं हटेगी। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट सिटी के लिए रेट्रोफिटिंग व रि-कंस्ट्रक्शन के विकल्प पर कुछ भी कहने से इंकार किया।