देहरादून (ब्यूरो) झंडा मेला के दूसरे दिन रविवार को सुबह से दरबार साहिब में संगत के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। संगत ने झंडेजी की परिक्रमा कर मन्नत मांगी। साथ ही परिसर में दीये भी जलाए। दरबार साहिब के सज्जादानशीं देवेन्द्र दास महाराज ने संगत को दर्शन व आशीर्वाद दिए। इस दौरान पूरा परिसर गुरु महाराज के जयकारों से गूंज उठा। श्री दरबार साहिब के झंडा महोत्सव के सह व्यवस्थापक विजय गुलाटी ने बताया कि परंपरा के अनुसार झंडेजी के आरोहण के तीसरे दिन संगत नगर परिक्रमा करती हैं। सुबह साढ़े सात बजे दरबार साहिब परिसर से दरबार साहिब के सज्जादानशीं श्री देवेन्द्र दासजी महाराज की अगुवाई में नगर परिक्रमा होगी। जिसमें 25 हजार से अधिक संगत शामिल होंगी।

राष्ट्र निर्माण में दें योगदान: श्रीमहंत
दरबार साहिब के सज्जादानशीं श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने अपने उद्बोधन में जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति व मोक्ष के रहस्य का ज्ञान दिया। सभी लोगों को आदर्श व्यक्ति-आदर्श परिवार का संकल्प लेकर श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया। साथ ही सुख शांति का संदेश व गुरु मंत्र देते हुए गुरु महिमा के महत्व से आत्मसात करवाया। इस दौरान उन्होंने संगतों को आदर्श जीवन जीने के लिए गुरु की वाणी का अमृतपान करवाया।

दरबार परिसर में गुरु महिमा के भजनों पर झूमे
दरबार साहिब परिसर में दिनभर गुरु महिमा व गुरु के भजनों की धूम रही। सतगुरु तेरे तेरे।।।, हर इक दो हो सुणदा ऐसी दाता मेहर लगाई ए जिन्नी करईए होनी थोड़ी।।।, नीत खैर मंगा बाबा जी मैं तेरी दुआ न कोई होर मंगदी।।।आदि भक्ति गीतों का श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हुए। इस दौरान दरबार साहिब परिसर में भजनों पर नृत्य भी किए।

dehradun@inext.co.in