-तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय में हुई बैठक

-बैठक में घोटालों व भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरने का लिया निर्णय

HARIDWAR: पलायन को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल शुक्रवार को विधासभा घेराव करेगा। घेराव कार्यक्रम को अंतिम रूप से देने के लिए ऋषिकुल मैदान स्थित जिला कार्यालय पर गुरुवार को एक बैठक हुई। बैठक में घोटालों व भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरने का निर्णय लिया गया।

पलायन के लिए सरकार जिम्मेदार

केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास ने कहा कि घेराव कार्यक्रम में राज्य भर से कार्यकर्ता शुक्रवार को देहरादून में इकट्ठा होंगे। पहाड़ों से पलायन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हालात इस कदर गंभीर हो गए हैं, पहाड़ी क्षेत्र में विकास का पहिया थम सा गया है। इसके लिए सरकार और उसकी नीतियां जिम्मेदार हैं। यूकेडी इसे लेकर अब चुप नहीं बैठेगी। जिलाध्यक्ष जयंती अमोली ने कहा कि सरकार विकास से ज्यादा घोटालों को लेकर चर्चा में रही है। महानगर अध्यक्ष सुमित अरोड़ा ने कहा कि यूकेडी के युवा कार्यकर्ता आम जन को सरकार की अनिष्टकारी नीतियों से अवगत कराएंगे। बैठक में हंसराज अरोड़ा को लघु व्यापार प्रकोष्ठ का मंडल अध्यक्ष, विपिन नेगी को खड़खड़ी, उमेश गिरि को भीमगोड़ा व लोधामंडी का सागर कुमार को अध्यक्ष बनाया गया। बैठक में रिक्की अरोड़ा, दीपक गौनियाल, आशु भारद्वाज, सौरभ अरोड़ा, हरीश द्विवेदी व अन्य मौजूद रहे।