-विधायक व कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर रही सरकार

DEHRADUN: प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश के जनाक्रोश को सड़कों पर देख सरकार ध्यान हटाने पर जुटी है। दुर्भाग्यवश घोड़े का पांव फ्रेक्चर हुआ, लेकिन सरकार ने प्रकरण में भाजपा विधायक सहित कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर घोड़े दौड़ाए

नेता प्रतिपक्ष ने मंगलवार को विस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रैली के दौरान सरकार ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर घोड़े दौड़ाए। कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हुए। कार्यकर्ता जितेंद्र रावत उर्फ मोनी को घोड़े से घायल किया गया। जिनका प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घायल घोड़े को देखने पुलिस लाइन गए, लेकिन यदि उनमें इतनी ही संवेदना होती तो वह भाजपा के घायल कार्यकर्ताओं को देखने भी जाते।