पटना (ब्यूरो)। 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir Pran Pratishtha) की धूम पूरे देश में देखने को मिल रही है। इस उपलक्ष्य में शहर भर में कई आयोजन किए जा रहे हैं। मंदिरों में अभी से दीपावली दिखने लगी हैं। शहर राममय हो गया है। नगर के धार्मिक,सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने दिनभर मंदिरों को झालरों से सजाया। इसी कड़ी में भगवान राम की पांच फीट की मूर्ति की स्थापना की जा रही है। इस मूर्ति को पटना के मूर्तिकार जितेंद्र ने तुलसी माला से बनाई है। इस प्रतिमा को 500 तुलसी माला का इस्तेमाल कर बनाया गया है, जिसमें 50 हजार तुलसी मोती है।

15 दिन में तैयार की भगवान राम की प्रतिमा
जितेंद्र ने बताया कि इस प्राण प्रतिष्ठा में हर कोई वहां जाने में सक्षम नहीं है, इसलिए उन्होंने पटना में ही भगवान राम की आराधना के लिए प्रतिमा बनाई है। इस प्रतिमा को उन्होंने 15 दिन में तैयार किया है। तुलसी माला को शुभ माना जाता है, इसलिए उन्होंने इसका इस्तेमाल कर प्रतिमा बनाई। इस प्रतिमा को लंगरटोली चौराहा के भारत माता मंदिर में 22 जनवरी को स्थापित किया जाएगा, जिसके बाद लोग इसका दर्शन कर पूजा-पाठ कर सकते हैं।

पहले भी बना चुके हैं अनोखी मूर्तियां
इससे पहले भी जितेंद्र अलग चीजों का इस्तेमाल कर मूर्तियां बना चुके हैं। खासकर दुर्गा पूजा में अनोखी मूर्तियां बनाने के लिए उनकी काफी डिमांड रहती है। वह 15 सालों से इस तरह की प्रतिमाएं बनाते आ रहे हैं। उन्होंने पिछली बार 500 मोर पंख, 10 किलो चूड़ा, 20 किलो ड्राई फ्रूट्स, दवाइयों के रैपर्स और मीठा पान मसाला का इस्तेमाल कर देवी दुर्गा की मूर्तियां बनाई थी।