- जलजमाव रोकने के नगर निगम और बुडको के सभी दावे फेल

PATNA : पटना में फ्राइडे देर रात करीब 1 बजे से 3 बजे तक 2 घंटे की बारिश ने जलजमाव नहीं होने देने के सरकारी मशीनरी के दावे को धो डाला। दो घंटे की इस बारिश से शहर का अधिकांश हिस्सा जलमग्न हो गया। आलम यह था सड़क पर गाड़ी से चलना तो दूर की बात पैदल चलने में भी समस्या हो रही थी। दो से तीन फीट पानी भर जाने के चलते कई घरों में पानी घुस गया। डिप्टी सीएम रेणु देवी के आवास से लेकर पुनाईचक तक उधर गांधी मैदान से लेकर कंकड़बाग, मोहनपुर और पटना सिटी के कई इलाकों में भर गया। शहर के लोगों ने कहा कि जब दो घंटे की बारिश में यह हाल हो गया तो अगर दिनभर बारिश हो जाए तो क्या हाल होगा।

बता दें कि सरकार और पटना नगर निगम का दावा था कि इस वर्ष पटना में जलजमाव नहीं होगा। साल 2019 की पुनरावृति किसी भी हाल में नहीं होगी, लेकिन दो घंटे की बारिश ने निगम की पोल खोल कर रख दिया। पटना पूरी तरह से पानी में डूब गया। पेश है ग्राउंड रिपोर्ट

मोहनपुर

शुक्रवार रात 1 बजे शुरू हुई बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। बारिश कितनी तेज थी, इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि सुबह शहर के हर सड़क पर बस पानी ही पानी था। सुबह 6 बजे जब दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम मोहनपुर पहुंची तो इलाके की सड़कों पर दो से तीन फीट पानी लगा होने के कारण दो पहिया चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई लोगों की गाड़ी पानी में फंसकर खराब हो गई तो मजबूरन पानी में धक्के लगाकर ले जानी पड़ी।

गांधी मैदान

इसके बाद हमारी टीम शहर के सबसे फेमस मैदान गांधी मैदान पहुंची। जहां जलजमाव के चलते मॉर्निग वॉक करने वालों की संख्या काफी कम थी। मैदान के अंदर बच्चे बारिश का आनंद उठाने के लिए पानी में फुटबॉल खेलते नजर आए। जल निकासी को लेकर पटना नगर निगम कितना सतर्क है वे इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिस मैदान में शहर के प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होते हैं। उस मैदान में पानी की वजह से लोगों ने आना छोड़ दिया।

पाटलीपुत्रा कॉलोनी

इसके बाद दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम सीधे पाटलिपुत्रा कॉलोनी पहुंची। शहर के रिहायशी इलाके में शामिल पाटलिपुत्रा कॉलोनी का हाल बारिश के पानी से बेहाल दिखा। स्थानीय लोगों की मानें तो जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के चलते ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि 2 घंटे की बारिश ने शहर की ये हालत कर दी तो अगर 6 घंटे तक पानी बरस जाये तो लोगों को घर से निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।

विधानसभा

बारिश का पानी विधान सभा परिसर में पहुंच गया। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि परिसर में पानी लगे होने के चलते आवाजाही एकदम बंद था। और तो और प्रदेश की डिप्टी सीएम रेणु देवी के सरकारी आवास में जल निकासी की व्यवस्था फेल हो गई। हालांकि जल निकासी की टीम यहां कार्य करती दिखी। उधर पटना जिला प्रशासन और पटना नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि 24 घंटे के अंदर पूरे शहर को जलजमाव मुक्त कर दिया जाएगा।

इन इलाकों में हाल बेहाल

शनिवार को हुई जोरदार बारिश से विभिन्न इलाकों में जलजमाव हो गया। कई मोहल्लों में लोग घर से नहीं निकल सके। जिन इलाकों में पहले से जलजमाव था वहां की स्थिति भयावह हो गई। रामकृष्ण नगर, पटेल नगर, कंकड़बाग व राजेन्द्र नगर सहित पटना सिटी के कई इलाके जलमग्न हो गए।

पानी में खतरनाक गढ्डे

नमामि गंगे योजना के तहत बने भूमिगत नाला का चंबर कई जगहों पर धंस जाने से कई फीट गहरा खतरनाक गड्ढा बन गया। पटना सिटी के इलाके में चौधरी टोला, पत्थर की मस्जिद एवं महेंद्रू स्थित अशोक राजपथ पर, सैदपुर, कृषि उत्पादन बाजार समिति मंडी, अजीमाबाद कालोनी, ट्रांसपोर्ट नगर, भागवत नगर, बाचस्पति नगर, पंचवटी कालोनी, रामपुर नहर रोड, गुलजारबाग मंडी समेत अन्य इलाकों में जल जमाव होने से आने-जाने वाले लोगों तथा वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ी रही। वहीं नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिसिन विभाग के वार्ड में भी पानी भर गया। अस्पताल कर्मियों ने इसे निकाला। वार्ड में एक भी मरीज भर्ती नहीं था। अधीक्षक डॉ। विनोद कुमार सिंह ने बताया कि संप हाउस चालू रहने के कारण परिसर में जल जमाव नहीं हुआ।