लखनऊ (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में रामजन्म भूमि अयोध्या दुल्हन की तरह सजी है। शनिवार की शाम को यहां योगी आदित्यनाथ सरकार 5.51 लाख मिट्टी के दीयों की जगमगाहट के साथ दीपावली पर दीपोत्सव मनाएगी। इस आयोजन में अवध विश्वविद्यालय समेत विभिन्न कॉलेजों के बच्चे राम की पैड़ी पर चार लाख दीप जलाएंगे। इस दाैरान उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी माैजूद रहेंगे। यूपी सरकार के अन्य मंत्री भी इस दाैरान रामनगरी में माैजूद रहेंगे। वहीं सरकार इस अवसर पर करीब 226 करोड़ रुपये की योजनाओं की भी शुरुआत करेगी।

राम की झांकी जुलूस निकाला जाएगा

वहीं इस संबंध में राज्य सरकार के प्रवक्ता ने कहा अयोध्या में शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच भगवान राम की झांकी जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस साकेत कॉलेज से शुरू होगा और रामकथा पार्क में समाप्त होगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के कलाकार हिस्सा लेंगे। वहीं मुख्यमंत्री अपराह्न 3:45 बजे से शाम 4 बजे के बीच जुलूस का अवलोकन करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद, भगवान राम और सीता का प्रतीकात्मक आगमन होगा। शाम 4:15 बजे से 4:40 बजे तक पूजा अर्चना होगी। राम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा।

योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा

इसके बाद यहां माैजूद अतिथियों के संबोधनों के साथ योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं इस अवसर पर आयोजित हो रही सात देशों की राम लीला मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। इसके अलावा यहां भगवान राम की ग्यारह झांकियां विभिन्न कार्यक्रमों का प्रदर्शन करेगी। यह पूरा कार्यक्रम राज्य मेला घोषित किया गया है। वहीं आज लगभग 2,500 बच्चे भगवान राम के जीवन की घटनाओं, उनके धनुष और तीर और चित्रों को तैयार कर रहे हैं। दीपावली में रामनगरी अयोध्या में मनाए जा रहे दीपोत्सव पर 5.51 लाख दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाए जाने की तैयारी है।

National News inextlive from India News Desk