i special

-सेव फूड, शेयर फूड अभियान के तहत जोड़े जाएंगे शहर के होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस

-रॉबिनहुड आर्मी के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा विभाग मिलकर चलाएगा अभियान

vineet.tiwari@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शहर में तमाम ऐसे लोग हैं, जिन्हें खाना नसीब नहीं हो रहा है। वहीं इसी शहर में बहुत सारा खाना वेस्ट हो जाता है। होटल्स, रेस्टोरेंट्स और गेस्ट हाउसेज में शादियों और पार्टियों के बाद काफी खाना खराब होता है। अब यह खाना बर्बाद नहीं होगा। खाद्य सुरक्षा विभाग (एफएसएसएआई) ने इसके लिए खास इंतजाम किया है। इसके लिए एक ऐप बनाया गया है। इसमें 'सेव फूड, शेयर फूड' पर क्लिक करते ही खाना कलेक्ट करने वाली टीम पहुंच जाएगी। टीम वहां से खाना कलेक्ट कर इसे जरूरतमंदों तक पहुंचा देगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के इस अभियान में हंगर पीपुल्स के लिए काम करने वाली रॉबिनहुड आर्मी योगदान देगी। गुरुवार को कमिश्नर ऑफिस में दोनों के साथ हुई मीटिंग के बाद अभियान को ग्रीन सिग्नल दे दिया गया।

मीटिंग में हुआ करार

सेव फूड, शेयर फूड अभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को कमिश्नर कार्यालय में सीएफओ केके त्रिपाठी, रॉबिनहुड आर्मी के युवराज और नीतेश व सहायक कमिश्नर जगदम्बा प्रसाद मौर्य के बीच बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि इस एप से होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउसेज को जोड़कर अभियान को तेज किया जाएगा। आने वाले शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए इस अभियान को तेजी से शुरू किया जा रहा है।

बिना चेक किए नहीं ले जाएंगे फूड

इस अभियान में लोगों की सेहत की सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा गया है। खाने को स्पॉट से ले जाने से पहले उसकी प्रॉपर चेकिंग की जाएगी। खुद रॉबिनहुड आर्मी के वालंटियर्स इसको चखकर चेक करेंगे। इसके बाद इस खाने को आगे ले जाया जाएगा। अगर कोई कमी हुई तो इसे वापस कर दिया जाएगा। एक बार स्पॉट से भोजन ले जाने के बाद फिर इसकी जिम्मेदारी राबिनहुड आर्मी की होगी।

बॉक्स

इंफार्मेशन दीजिए और पुण्य कमाइए

-शादी-विवाह, दावतों और होटल-रेस्टोरेंट में बर्बाद होने वाले खाने को भूखों तक पहुंचाने के लिए एफएसएसएआई द्वारा 'सेव फूड, शेयर फूड' एप लांच किया गया है।

-अब इस उद्देश्य को अभियान में बदलने के लिए रॉबिनहुड आर्मी आगे आ गई है।

-इसके लिए गेस्ट हाउस, होटल और रेस्टोरेंट्स को एप में रजिस्टर्ड किया जाएगा।

-इसके बाद उन्हें अपने यहां बचे खाने की सूचना एप के जरिए देनी होगी।

-जानकारी मिलते ही रॉबिनहुड आर्मी के वालंटियर्स खाने को कलेक्टकर मलिन बस्ती या अनाथालयों में पहुंचाने का काम करेंगे।

वर्जन

शहर में 400 के आसपास ऐसे होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउसेज हैं जहां से फूड कलेक्शन किया जा सकता है। इन सभी को सेव फूड, शेयर फूड एप से लिंक करके इस अभियान को सफल बनाया जाना है। इस काम में रॉबिनहुड आर्मी के वालंटियर्स हमारा साथ देने को तैयार हैं।

-केके त्रिपाठी, चीफ फूड सेफ्टी ऑफिसर, प्रयागराज

हमारी प्रशासन से बातचीत हो चुकी है। हमारे वालंटियर्स यह काम करने को तैयार हैं। हम पहले से अलग-अलग जगहों से फूड कलेक्ट कर जरूरतमंदों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इस अभियान के जरिए हमारे उद्देश्य को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही भूखों तक अधिक मात्रा में भोजन पहुंचाया जा सकेगा।

-नितेश कुमार, कोऑर्डिनेटर, रॉबिनहुड आर्मी

Posted By: Inextlive