अब सोमवार से शनिवार तक खुल सकेंगे सभी रेस्टोरेंट्स और आइसक्रीम पार्लर

निगम की बेव लिंक पर रजिस्टर्ड नाव गंगा में चल सकेंगी

एक जून से शुरू अनलॉक के तहत जिला प्रशासन ने बड़ा बदलाव किया है। सोमवार को जनपद में लागू धारा-144 में संशोधन करते हुए दवा की दुकान, रेस्टोरेंट्स, आइसक्रीम पार्लर तथा सैलून के लिए मंगलवार से नई व्यवस्था की गई है। ये सभी प्रतिष्ठान सप्ताह में छह दिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक खुलेंगे। इन पर लेफ्ट-राइट सिस्टम लागू नहीं होगा। दवा की दुकान अब साप्ताहिक बंदी वाले दिन रविवार को भी खुलेगी। इसके अलावा सभी बानों की दुकानें, ऑफिस, बाजार, मॉल, होटल, शॉपिंग काम्प्लेक्स पर पूर्व की व्यवस्था ही लागू रहेगी।

नाव संचालन की मिली मंजूरी

प्रशासन ने गंगा में नावों के संचालन को हरी झंडी दे दी है। नगर निगम के वेब लिंक पर जिन नाविकों ने आवेदन किया, उन सभी नाव संचालकों को नाव संचालन के लिए अनुमन्य किया गया है। यह नई व्यवस्था फिलहाल 30 जून तक ही लागू रहेगी। डीएम कौशल राज शर्मा ने धारा-144 दण्ड प्रक्रिया संहिता में आंशिक संशोधन करते हुए आदेशित किया है कि गंगा नदी में नाव संचालन के लिए जिन-जिन नाविकों ने नगर निगम, वाराणसी में अपना विवरण वेब लिंक पर भर दिया है। ऐसे सभी नाव संचालकों को नाव संचालन के लिए अनुमन्य किया जाता है। डीएम के आदेश की जानकारी मिलते ही नाविक संघ ने प्रशासन का आभार जताया और कहा प्रशासन की गाइड लाइन के तहत गंगा नदी में नाव संचालन किया जाएगा।

रेस्टोरेंट मालिकों को राहत

डीएम कौशल राज शर्मा ने जनपद के सभी रेस्टोरेंट संचालकों को बड़ी राहत दी है। मंगलवार से लागू नई व्यवस्था के तहत अब सभी रेस्टोरेंट सोमवार से शनिवार तक सुबह 9 बजे से सायं 7 बजे तक खुलेंगे। एक दिन लेफ्ट साइट और दूसरे दिन राइट साइट के रेस्टोरेंट खुलने को लेकर संचालकों में नाराजगी थी। उन्होंने डीएम के समक्ष एक दिन बंद और दूसरे दिन खुलने के चलते सामान खराब होने परेशानी रखी थी।

आइसक्रीम पार्लर भी रहेंगे गुलजार

डीएम ने रेस्टोरेंट की तरह आइसक्रीम पार्लर की मनचाही मुराद पूरी कर दी है। नये आदेश के तहत सड़क के दोनों तरफ (दायें व बायें ) स्थित आइसक्रीम पार्लर अब रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन खुलेंगे। डीएम ने मंगलवार से सभी पार्लर सुबह 9 से शाम 7 बजे तक खोलने की अनुमति दी है।

हर दिन खुलेंगे सैलून

मंगलवार से शुरू हो रही नई व्यवस्था से सबसे अधिक खुशी नाई/सैलून संचालकों में है। डीएम कौशल राज शर्मा ने हर दिन यानी सोमवार से रविवार तक सुबह 9 बजे से शाम सात बजे तक सैलून खोलने की इजाजत दे दी है। हालांकि एक दिन लेफ्ट साइट और दूसरे दिन राइट साइट की दुकानें खुलने को लेकर सैलून संचालकों में भी नाराजगी थी। सबसे अधिक नाराज मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को खुलने वाले सैलून संचालक थे। इसे लेकर कई बार सैलून संचालकों ने डीएम के समक्ष अपनी समस्याएं रखी थीं।

रविवार को भी खुलेंगी दवा की दुकानें

डीएम ने दवा की दुकानों को अब रविवार को सुबह 9 से शाम 7 बजे तक खोलने की अनुमति दे दी है, लेकिन सोमवार से शनिवार तक पुरानी व्यवस्था के तहत ही दवा की दुकानें खुलेंगी। दवा दुकानों को हर दिन ग्राहकों की जुट रही भीड़ को कंट्रोल करने के लिए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

Posted By: Inextlive