शुक्रवार शाम पाकिस्तान में हुए विमान हादसे को लेकर पूरे देश में शोक की लहर है. भोजा एयरलाइंस का ये विमान इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

इस विमान में 127 लोग सवार थे। सभी लोगों के मारे जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बोइंग 737 विमान का कॉकपिट फ्लाइट रिकॉर्डर मिल गया है और इसे जाँचकर्ताओं को सौंप दिया जाएगा।

माना जा रहा है कि इस विमान में 121 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। ये विमान कराची से इस्लामाबाद आ रहा था। इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर पहुँचने से पहले ही ये दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

जैसे ही हादसे की खबर फैली, विमान यात्रियों के परिजन कराची और इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर इकट्ठा होना शुरू हो गए। दोनों ही जगह माहौल काफी गमगीन था। यात्रियों के परिजन फूट-फूट कर रो रहे थे।

कई लोगों को इसका भरोसा ही नहीं हो रहा था कि उनके परिजन अब इस दुनिया में नहीं हैं। एक व्यक्ति रोते-रोते फर्श पर बैठ गए और बोले- मेरी दोनों बेटियाँ अब नहीं रहीं। भोजा एयरलाइंस के अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने यात्रियों के एक-एक परिजनों को इस्लामाबाद ले जाने की व्यवस्था की है। ये विमान स्थानीय समय के मुताबिक शाम पाँच बजे कराची से उड़ा था और इसे शाम छह बजकर 50 मिनट पर इस्लामाबाद पहुँचना था।

भयानक दृश्य

घटनास्थल से बीबीसी हिंदी संवाददाता हफीज चाचड़ ने बताया है कि विमान के टुकड़े इधर-उधर बिखरे पड़े हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी समाब अहमद ने बताया, "मैं पास में ही एक निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहा था। मैंने इस विमान को दुर्घटनाग्रस्त होते देखा। ये विमान नीचे गिर रहा था और उसमें आग लगी हुई थी। वो बहुत भयानक दृश्य था."

एक पुलिस अधिकारी फजल अकबर ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि विमान पूरी तरह नष्ट हो गया है और कोई चमत्कार ही किसी यात्री को जिंदा बचा पाएगा। पिछले साल जुलाई में पाकिस्तान में ही एयरबस ए321 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सभी 152 यात्री मारे गए थे।

उड़ानपाकिस्तान के रक्षा मंत्री चौधरी अहमद मुख्तार ने कहा है कि दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले इस विमान में आग लगी हुई थी। पाकिस्तान का भोजा एयरलाइंस 10 वर्ष पहले शुरू हुआ था, लेकिन वित्तीय समस्याओं के कारण इसे बंद कर दिया गया था। हाल ही में इसे दोबारा शुरू किया गया था।

भोज एयरलाइंस ने अपने ऑपरेशन फिर इस साल शुरू किए थे और कराची से इस्लामाबाद इस एयरलाइंस की पहली उड़ान थी।

बीबीसी संवाददाता शहजाद मलिक ने बताया कि रावलपिंडी के क्षेत्र लोई भैरो के पास भोजा एयरलाइंस का यह विमान खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। जिस समय यह घटना हुई उस समय वहाँ तेज हवा चल रही थी और बारिश हो रही थी।

दूसरी ओर इस्लामाबाद के अस्पताल पमज़ में आपातकाल लागू कर दी गई है। लुई भैरो में हमारी संवाददाता ताबिदा कोकब ने बताया कि लोई भैरो से सात किलोमीटर अंदर यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।

भारत के प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी को शोक संदेश भेजा है। डॉक्टर सिंह के ट्विटर अकाउंट के ज़रिए इसकी जानकारी दी गई।

Posted By: Inextlive