- पेट में आठ माह का बच्चा लेकर गुनहगार को पकड़ने की गुहार लगाती फिर रही है युवती

- न पुलिस कर रही है कार्रवाई, न प्रेमी कर रहा शादी

- फैक्ट्री में काम के दौरान बनाया शारीरिक संबंध, एक बार बच्चा भी गिराया

- शादी की बात की, तो मौसी के साथ मिलकर की पिटाई

- थानों का चक्कर लगाकर थक चुकी है नेहा

महिला सशक्तिकरण की बातें तो हर रोज होती हैं, लेकिन राजधानी रांची में ही एक महिला का हौसला खुद महिला थाने की पुलिस ने तोड़ दिया है। पिछले आठ महीने से एक युवती नेहा परवीन (नाम परिवर्तित) अपने प्रेमी से शादी कराने या न्याय दिलाने की फरियाद लेकर कभी एक थाने तो कभी दूसरे थाने का चक्कर काट रही है। हैरानी वाली बात यह है कि यौन शोषण कर फरार हो चुके आरोपी के बारे में पूरी जानकारी होते हुए भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। आलम यह है कि युवती आठ माह की गर्भवती है और उसे चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है, इसके बावजूद वह हर रोज महिला थाने का चक्कर काटने को मजबूर है। पुलिसकर्मी उसे रोज टहला रहे हैं।

पुलिस ने भगा दिया आरोपी को

रविवार को महिला थाना पहुंची नेहा ने आरोप लगाया कि पुलिस उसके साथ सहयोग नहीं कर रही है। इतना ही नहीं, उसने यह भी बताया कि उसके साथ जिसने यौन शोषण किया और गर्भवती कर छोड़ दिया, उसे पुलिस ने थाने से ही भगा दिया। नेहा ने बताया कि उसके साथ नितेश कुमार मिश्रा ने शारीरिक संबंध बनाया और शादी का झांसा देता रहा। जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो इंकार कर दिया। इसके बाद उसने 16 जून 2019 को महिला थाने में लिखित शिकायत की। यहां तक कि आरोपी को थाने तक ले आई, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बदले भागने की मोहलत दे दी। अब वह फरार है। बकौल नेहा, आरोपी रातू रोड मंगलम अपार्टमेंट निवासी नितेश कुमार मिश्रा मूल रूप से बिहार के बेतिया जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के कुसई गांव का रहने वाला है। नेहा का कहना है कि नीतीश अपनी बहन के पास नेपाल में जाकर छुपा है। पुलिस को इसकी जानकारी है, लेकिन उसे पकड़ने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।

लगाए कई गंभीर आरोप

नेहा ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, एक बार गर्भपात कराने व प्रताडि़त करने का आरोप लगा महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीडि़ता अब आठ माह की गर्भवती है। अगले माह डिलीवरी होनी है। पीडि़ता के गर्भवती होने के बावजूद महिला थाने की पुलिस ने लापरवाही दिखाते हुए छह महीने काउंसिलिंग के नाम पर टाल-मटोल किया। इसके बाद बीते आठ नवंबर 2019 को केस दर्ज किया गया। हालांकि, कार्रवाई के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया।

काम के दौरान किया शोषण

नेहा ने बताया कि करीब तीन साल पहले वह प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करती थी। फैक्ट्री परिसर के ही कमरे में रहती थी। वहां फैक्ट्री के मालिक का चालक नितेश मिश्रा आना-जाना करता था। इस दौरान शादी का झांसा देकर दोस्ती की। इसके बाद से लगातार शारीरिक संबंध बनाया। शारीरिक संबंध बनाने के दौरान गर्भवती हुई, तो गर्भपात करा दिया। दोबारा अब आठ माह की गर्भवती हो चुकी है। उसके शिकायत कराने के बाद महिला थाने में काउंसिलिंग की जाती रही। काउंसिलिंग के बीच एक बार आरोपित को थाने लाकर रखा गया। बाद में उसे छोड़ दिया गया था।

धर्म बदलवाने का आरोप

पीडि़ता ने नीतीश पर धर्म बदलवाने का भी आरोप लगाया है। बीते एक जनवरी 2019 को धमरंतरण कराकर उसका नाम भी बदल दिया। फिर पहाड़ी मंदिर ले जाकर शादी भी की। कहा कि अब साथ रखेगा। इधर, हाल में नीतीश उसे अपने साथ रखने से मुकर गया और पेट में बच्चा रहने के बावजूद उसे छोड़कर फरार हो गया। नेहा का कहना है कि इस काम में आरोपी की रिश्तेदार बेबी गुप्ता ने भी मदद की। जब साथ रखने की बात कही, तो पांच लाख रुपये लेकर आने के लिए भी कहा गया। पीडि़ता महिला थानेदार और केस की अनुसंधानकर्ता से कई बार आरोपित को पकड़ने की गुहार लगा चुकी है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

बांड लिखने के बावजूद फरार

आरोपी नितेश मिश्रा ने 5 नवंबर 2019 को महिला थाने में एक सादा बंध पत्र (बांड लेटर) लिखकर दिया था। इसमें नितेश ने स्वीकार किया है कि उसका नेहा के साथ एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच नेहा ने महिला थाने में आवेदन दिया, जिसे लेकर काउंसेलिंग भी चल रही थी। नितेश ने लिख कर दिया था कि वह नेहा से शादी करेगा। इसी आधार पर उसने केस खत्म करने की मांग की थी। इसके बाद से वह फरार हो गया है।

क्या कहती है पीडि़ता

मेरे साथ बहुत अन्याय हुआ है। मैं बार-बार थाने का चक्कर लगाकर थक चुकी हूं। यहां तक कि डीएसपी साहब से भी कई बार बातचीत की, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस अगर कार्रवाई नहीं करती है, तो मैं अदालत का भी दरवाजा खटखटाऊंगी। अगर नितेश मुझे नहीं अपनाता है, तो उसे सजा दिलाकर रहूंगी।

नेहा परवीन, पीडि़ता

मेरे संज्ञान में मामला आने के बाद एफआइआर दर्ज कर लिया गया है। आरोपित के ठिकाने का पता लगा उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

मोनालिसा केरकेट्टा, महिला थाना प्रभारी

Posted By: Inextlive