-स्मार्ट सिटी की वेबसाइट के इनॉग्रेशन पर आरयू के प्रो। जेटली ने उठाए सवाल

- नगर आयुक्त और स्मार्ट सिटी प्लानर ने दिया जवाब- कहा सुझाव अच्छे हैं, विचार किया जाएगा

बरेली: स्मार्ट सिटी का ब्यूटीफिकेशन ज्यादा है। रोड कैसे इतनी चौड़ी बनाएंगे, जब शहर में स्पेश ही नहीं है। यह बातें आरयू के प्रो। एके जेटली ने स्मार्ट सिटी की वेबसाइट के इनॉग्रेशन के दौरान कही। हुआ कुछ यूं कि स्मार्ट सिटी के प्लानर शहर को स्मार्ट बनाने का प्लान सुना रहे थे। प्लान सुनने के बाद प्रो। जेटली ने कहा कि डिसएबल्ड और पैदल रोड क्रॉस करने वालों के लिए ध्यान नहीं रखा गया है। साथ ही रोड के दोनों तरफ सर्विस लेन और सॉलिड बेस्ट निस्तारण का कोई जिक्र नहीं किया है। सवाल सुनकर नगर आयुक्त और प्लानर ने जवाब दिया- आपके सुझाव अच्छे हैं, विचार किया जाएगा।

नहीं आए चीफ गेस्ट

नगर निगम ने आरयू के एमबीए सभागार में स्मार्ट सिटी की वेबसाइट का इनॉग्रेशन किया। चीफ गेस्ट संतोष गंगवार के न आने पर विशिष्ट अतिथि मेयर डॉ। उमेश गौतम ने वेबसाइट की लांचिंग की। इस दौरान स्मार्ट सिटी प्लानर आर्किटेक्ट निशांत गोयल ने स्मार्ट सिटी की पूरी रूपरेखा बताई। यहां पर आरयू वीसी प्रो। अनिल शुक्ल, बीडीए वीसी दिव्या मित्तल, कैंटोनमेंट बोर्ड सीओ अनुपम तलवार, शहर विधायक डॉ। अरुण कुमार, बीजेपी जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह राठौर, महानगर अध्यक्ष डॉ। केएम अरोरा सहित सभी पार्षद, समाजसेवी, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के पदाधिकारी और स्टूडेंट्स भी मौजूद रहे।

एरिया बेस्ड होगा डेवलपमेंट

स्मार्ट सिटी के तहत शहर में एरिया बेस्ड डेवलमेंट के लिए 1270 एकड़ का एरिया सिलेक्ट किया गया है। जिसमें स्मार्ट सिटी के तहत 25 किलोमीटर की रोड बनेगी। एक तरफ मोती पार्क, रेलवे स्टेशन और अक्षर विहार तक रखा गया है। वहीं दूसरी तरफ चौपुला और सेटेलाइट तक का लिया गया है। इसमें रोड के लेफ्ट एंड राइट में पडेस्ट्रीयन, ग्रीनरी और साइकिलस्ट को स्पेश देने के साथ पार्किंग होगी। शहर में छोटी बसें और इलेक्ट्रिक बाइकें चलाई जाएंगी। रोड पर अलग-अलग स्पीड से चलने वाले वाहनों की लेन ही अलग होगी।

स्मार्ट सिटी के इन प्रोजेक्ट्स पर होगा काम

1. सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट, इनवॉयरमेंट और वाटर क्लीनिंग का काम होगा।

2. इलेक्ट्रीकल वायरिंग की जाएगी।

3. हेल्थ और वाटर एटीएम बनाया जाएगा।

4. स्मार्ट क्लासेस और इंडोर स्पो‌र्ट्स समेत 36 प्रोजेक्ट्स पर काम होगा।

5. आठ प्रोजेक्ट पीपीपी मोड पर चलाने की योजना बनाई है।

6. एक्सपो मार्ट के लिए निर्धारित जमीन पर जरी की ब्रांडिंग के लिए बिल्डिंग बनेगी।

7. भीड़ भाड़ वाले एरिया में मल्टी स्टोरी पार्किग बनाई जाएगी।

8. गांधी उद्यान के पास दो रोड को खत्म कर जंक्शन बनाया जाएगा।

9. गांधी पर वेंडरों के लिए स्पेश बनाया जाएगा।

10. सड़क किनारे पानी, बिजली और टेलीफोन की लाइन के लिए बनेगी डक्ट

11. सीनियर सिटीजन के लिए बेंचेज और पार्को में ओपन जिम बनाए जाएंगे।

12. पीलीभीत बाईपास रोड पर सिटी फॉरेस्ट बनाया जाएगा।

13. अक्षर विहार में म्यूजिकल फाउंटेन पार्क बनाया जाएगा।

14. संजय कम्यूनिटी हॉल का कराया जाएगा रेनोवेशन।

प्रोग्राम से पहले भिड़े पार्षद

सेमिनार में सबसे आगे की सीटें अधिकारियों के लिए निर्धारित थीं, लेकिन वे आए नहीं थे जिससे सीटें खाली पड़ी थी। तभी मंच से अनाउंस किया गया कि आगे की सीट छोड़ दें। जिसे सुनकर पार्षद विकास शर्मा अपने साथियों के साथ चल दिए। हालांकि नगर आयुक्त ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन तभी एक कांस्टेबल ने कुछ कह दिया। जिस पर वह बिफर गए। तब नगर आयुक्त ने मामला सुलझाया और समझाकर हॉल में बैठाया।

दूसरों के मॉडल से नहीं बनेंगे स्मार्ट

दूसरे देशों के मॉडल पर काम करने से स्मार्ट नहीं बनेंगे। जब तक कि स्थानीय समस्याओं को देखकर डेवलमेंट नहीं होगा। यह बात आरयू वीसी प्रो। अनिल शुक्ल ने कही। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि स्मार्ट क्लास के साथ गुरुकुल भी बनाएं, और कमजोर तबके की जरूरत को भी ध्यान रखा जाए।

Posted By: Inextlive