मंगलवार को नवरात्रि अष्टमी पर मां के महागौरी स्वरूप की हुई पूजा व आरतीदेवी मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों का सुबह से शाम तक लगा रहा तांता तमाम लोग किए कन्या भोज

प्रयागराज (ब्‍यूरो)। हर हाथ में माला और फूल व प्रसाद था। आंखों में करुणा मई मां के दर्शन की चाहत झलक रही थी। लबों पर था तो बस माता रानी का जयकारा। दिल में मां भगवती के प्रति अगाध श्रद्धा के भाव हिलोरे मार रहे थे। माता रानी की एक झलक पाने के लिए सभी घंटों कतार में खड़े रहे। दर्शन पाते ही चेहरे पर सुकून भरे भाव के साथ लोग मंदिरों से बाहर आए। कुछ ऐसा ही नजारा मंगलवार को नवरात्र की अष्टमी तिथि पर देवी मंदिरों में दिखाई दिया। अष्टमी पर मां के महागौरी स्वरूप की विधि विधान से पूजा अर्चन किया गया। तमाम भक्त घर से लेकर मंदिरों में भी मां दुर्गा सप्तशती का पाठ करके देवी रूप में कन्याओं का पूजन व भोजन किया।

नवमी पर हवन बाद होगा व्रत पारण
शहर स्थित मां अलोपशंकरी मंदिर में सुबह से ही जबरदस्त भीड़ रही। प्रबंधक श्रीमहंत यमुना पुरी ने पालने की आरती उतारकर जनकल्याण की कामना की। मां कल्याणीदेवी मंदिर में सुशील पाठक व श्याम जी पाठक ने विधि-विधान से मइया का श्रृंगार करके आरती उतार कर पूजा पाठ किया। इसी तरह मां ललिता देवी मंदिर में मइया का रत्नजडि़त आभूषणों से श्रृंगार हुआ। मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिमोहन वर्मा ने पूजन करके जनकल्याण की कामना की। मां खेमा मायी का भी विधि- विधान से श्रृंगार करके भक्तों ने पूजा पाठ किया। श्रीश्री सर्व सिद्ध पुरातन कालीबाड़ी ट्रस्ट की ओर से मां काली का श्रृंगार किया गया। ट्रस्ट के सचिव रितेंद्र कुमार कीर्ति ने बताया कि चैत्र नवरात्रि महाष्टमी महानवमी संधि-क्षण में संधी पूजा में मां काली के दरबार में जनकल्याण का विशेष अनुष्ठान किया गया। 108 दीपदान, बलिदान, महाभोग, महाआरती, विश्व शांति के लिए अनुष्ठान हुआ। नवरात्र का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने अष्टमी तिथि पर कन्या पूजन करके हवन किया। मइया से भूलचूक की क्षमायाचना की। वहीं, ज्यादातर भक्त नवमी तिथि पर यानी गुरुवार को हवन करके व्रत का पारण करेंगे।

नवमी पर हवन व पूजन का समय
पुरोहितों की मानें तो नवमी तिथि मंगलवार की शाम 4.16 बजे से शुरू चुकी है, जो बुधवार की शाम 5.22 बजे तक रहेगी। बताया गया कि बुधवार को शाम 5.22 बजे तक नवरात्र व्रत रखने वाले भक्त हवन पूजन करके पारण कर सकेंगे। भगवान श्रीराम का जन्म दोपहर में कर्क लग्न में हुआ था। बुधवार को कर्क लग्न सुबह 11.17 से दोपहर 1.35 बजे तक रहेगी। इसके अलावा अश्लेषा नक्षत्र, कर्क राशि, शूल योग व कौलव करण रहेगा। ऐसे में सुबह 11.17 से दोपहर 1.35 बजे तक ही भगवान का जन्मोत्सव मनाए जाने का योग।

सिद्धेवर महादेव व संगम में कन्या भोज
हर साल की तरह अष्टमी के दिन मंगलवार को चांदपुर सलोरी स्थित सिद्धेवर महादेव के मंदिर प्रांगण में भजन कीर्तन हुआ। जिसमें क्षमा द्विवेदी, गीता जोशी, भावना जोशी, शीलाजोशी, ममता जोशी, कामिनी सिंह, बरखा, प्रज्ञा, रेखा आदि महिला मंडल शामिल रहीं। वहीं सत्यकाम संस्था के द्वारा हरिहर गंगा आरती संगम क्षेत्र पर नवरात्रि अष्टमी पर कन्यापूजन किया गया। इस दौरान हलवा, पूरी, सब्जी व फल आदि का भोग लगाया गया। कन्याओं को नोट बुक, पेंसिल आदि भी दिए गए। प्रधानाचार्य शिखा पांरूेय, सबीहा खान, सौम्या शुक्ला, प्रज्ञा पांडेय, अर्चना गौतम, शिकेंद्र सिंह, अनंत सिंह, सचिव बृजमोहन तिवारी सहित आदि लोग उपस्थित रहे।

Posted By: Inextlive