गोहरी गांव स्थित ईट-भट्ठे पर परिवार के साथ करता था मजदूरी। नामजद दो आरोपी गिरफ्तार अन्य की तलाश में जुटी पुलिस।

ALLAHABAD: सोरांव एरिया के गोहरी गांव स्थित ईट-भट्ठे पर गुरुवार की रात मजदूर रामनाथ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बचाव करने पहुंची उसकी पत्‌नी सीमा को भी पीटा गया। इससे वह जख्मी हो गई। आरोप है कि पैसे के विवाद में साले जगन्नाथ ने अपने बेटों के साथ मिलकर कत्ल की इस वारदात को अंजाम दिया है। दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पुलिस अन्य की तलाश में जुट गई है।

 

मृतक के भाई ने दी तहरीर

सोरांव थाना क्षेत्र के गहरपुर गांव निवासी रामनाथ (35) पुत्र किशोरी लाल अपनी पत्‌नी सीमा और चार बेटियों के साथ गोहरी गांव स्थित इस्तियाक अहमद के भट्ठे पर ईट पथाई का काम करता था। गुरुवार की रात खाना खाने के बाद वह सोने की तैयारी कर रहा था। आरोप है कि इसी बीच उसका साला जगन्नाथ पुत्र विशुन लाल अपने बेटे संदीप कुमार, रंजीत कुमार, राजकुमार, सोनी और सतनही के साथ वहां पहुंचा गया। सभी लोग पैसे को लेकर झगड़ा करने लगे। देखते ही देखते वे लाठी-डंडा से हमला कर दिए। पति की बेरहमी से पिटाई देख विरोध करने पहुंची रामनाथ की पत्‌नी सीमा की भी हमलावरों ने पिटाई कर दी। शोर मचाने पर सभी लोग धमकी देते हुए भाग निकले। रात करीब ढाई बजे सीमा ने घटना की जानकारी अपने जेठ व अन्य को दी। कुछ देर बाद वह मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रामनाथ को अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। रामनाथ के भाई रामस्वरूप की तहरीर पर मृतक के साले जगन्नाथ और उसके बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर इंस्पेक्टर सोरांव सुरेंद्र नाथ ने छापेमारी कर नामजद अभियुक्त संदीप व एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि रामनाथ ने अपने साले को ईट-भट्ठे पर काम करने के लिए 20 हजार रुपये दिया था, लेकिन वह काम नहीं करता था। इसी विवाद में हत्या हुई है। आरोपित शराब के नशे में थे।


तो बच जाती जान

घटना के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों का कहना था कि अगर गंभीर रूप से जख्मी रामनाथ को जल्द मदद मिल जाती और अस्पताल में भर्ती करा दिया जाता तो शायद उसकी जान बच जाती। पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। वहीं रामनाथ की पत्‌नी सीमा का कहना था कि वह भट्ठा मालिक व अन्य लोगों का इंतजार कर रही थी।


पैसे के विवाद में मजदूर की हत्या हुई है। मृतक के साले समेत कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

-सुनील सिंह, एसपी गंगापार

Posted By: Inextlive