- दैनिक जागरण आई नेक्स्ट और रेडियो सिटी के कैंपेन 'बिन में फेंक' का नगर निगम ने लिया संज्ञान

- सिनेमा रोड स्थित कूड़ा पड़ाव केंद्र की बदली सूरत

GORAKHPUR: सड़कों के किनारे फैला कूड़ा जहां शहर की सुंदरता बिगाड़ रहा है वहीं उससे फैल रही बदबू और संक्रमण लोगों को बीमार बना रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए पिछले दिनों दैनिक जागरण आई नेक्स्ट और रेडियो सिटी ने लगातार बिन में फेंक कैंपेन चलाया। आखिर जिम्मेदारों की नींद खुल ही गई। कैंपेन का संज्ञान लेते हुए नगर निगम ने सिनेमा रोड स्थित कूड़ा पड़ाव केंद्र को पक्का बनाते हुए बैरेकेडिंग करा दी है। साथ ही बोर्ड लगाते हुए पब्लिक को अवेयर भी किया है कि सड़क पर कूड़ा ना फेंकें।

हटा कूड़ा, दूर हुई दिक्कत

शहर का सबसे भीड़ वाला इलाका सिनेमा रोड है। यहां डेली हजारों लोगों का आना-जाना बना रहता है। सिनेमा रोड पर यूनाइटेड टॉकीज के ठीक सामने नगर निगम का कूड़ा पड़ाव केंद्र है। आसपास के इलाके का कूड़ा यहीं पर डंप किया जाता है। इसके चलते आसपास के व्यापारियों को तो परेशानी का सामना करना ही पड़ता है, राहगीरों को भी सड़क पर बिखरे कूड़े की बदबू परेशान करती थी। शहर में जगह-जगह इसी तरह फैले रहने वाले कूड़े की स्थिति उजागर करते हुए दैनिक जागरण आई नेक्स्ट और रेडियो सिटी ने लगातार कैंपेन 'बिन में फेंक' चलाया। जिसका संज्ञान लेते हुए नगर निगम के अफसरों ने सिनेमा रोड पर कूड़ा पड़ाव केंद्र की मरम्मत कराने के साथ ही इसके चारों तरफ बैरेकेडिंग कराई है। यहां बोर्ड लगाकर पब्लिक को जागरूक भी किया गया है। अपर नगर आयुक्त डीके सिंह ने कैंपेन की तारीफ करते हुए कहा कि सफाई के प्रति हर बार लोगों को जागरूक किया जाता है। साथ ही शहर के विभिन्न एरियाज में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Posted By: Inextlive