आगरा। आगरा भ्रमण को आए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ न कहा कि नेता आगरा को पिकनिक स्पॉट न बनाएं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के नुमाइंदे आगरा में पिकनिक मनाने आते थे। वे योजनाओं का शिलान्यास कर पीछे मुड़कर नहीं देखते थे। हमारी सरकार शिलान्यास भी करेगी। उसका उद्घाटन भी करेगी। वे गुरुवार को जीआईसी ग्राउन्ड में आयोजित फसल ऋण मोचन योजना के कार्यक्रम में सभा को सम्बोधित कर रहे थे। दीप प्रज्वलन के बाद उन्होंने अपने 25 मिनट के सम्बोधन में विरोधियों पर तंज कसा तो अपने सात महीने की सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। इस दौरान उन्होंने जीआईसी ग्राउंड में बटन दबाकर 235 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति जनसमूह को छठ पूजा की बधाई और शुभकामनाएं दी।

प्रदेश से जातिवाद और परिवार हुआ खत्म

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 15 वर्षो में प्रदेश में जातिवाद परिवारवाद और अराजकता का माहौल बना हुआ था। अब वो खत्म हो चुका है। प्रदेश विकास के पथ आगे बढ़ रहा है। आगरा में ताज के अलावा पांच महत्वपूर्ण स्पॉट हैं। इसमें आगरा फोर्ट, सिकंदरा, एत्माद्दौला और फतेहपुरसीकरी को भी विकसित किए जाने की जरुरत है। हम पर्यटकों को सुरक्षात्मक माहौल उपलब्ध करा सकें। ताजमहल वास्तुकला का अद्भुत नमूना है। हम सबकी जिम्मेदारी इसके संवर्धन की है।

कोर्ट की अनुमति मिली तो रबर चैक डेम कर सकते हैं शिलान्यास

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगरा की पेयजल की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि यहां रबर चैकडैम की मांग की जा रही है। इससे पेयजल संकट का निराकरण हो सकता है। उन्होंने कहा कि कोर्ट की अनुमति मिली तो यमुना के डाउन स्ट्रीम में साढ़े तीन सौ करोड़ की लागत से शिलान्यास भी करेंगे। इससे भूगर्भ जल स्तर तो बढ़ेगा ही साथ ही ताज का संरक्षण होगा। उन्होंने कहा कि 2800 करोड़ की गंगाजल परियोजना जल्द पूरी होने वाली है। 10 किमी। की पाइपलाइन बिछाया जाना शेष है।

दलालों की संपत्ति को जब्त कर जनता में बांट देंगें

उन्होंने कहा कि योजनाओं का पैसा सीधा लाभार्थियों के खाते में भेजा जा रहा है। फिर चाहे व प्रधानमंत्री आवास योजना हो या फिर कोई अन्य किसी भी योजना कोई दलाल पैसा मांगे तो मुझे पत्र लिखो में सख्त कार्रवाई करुंगा, साथ ही ऐसे लोगों की संपत्ति जब्त कर गरीब लोगों में बांट दी जाएगी। हमारी योजनाएं किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के 22 करोड़ लोगों के लिए हैं। हम प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं.अभी सरकार को सात महीने हुए हैं। प्रदेश की व्यवस्था में पारदर्शिता आयी है। हमने सबसे पहले आलू का समर्थन मूल्य घोषित किया.किसानों को मंडी शुल्क से राहत दी। ट्रांसपोर्ट में सब्सिडी दे रहे हैं। हम धान के क्रय केन्द्र भी खोलेंगे। किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य मिले। यही हमारी प्राथमिकता में है। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की समाप्ति के समय भी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी।