शरीर पर चाकू से किये गये थे 23 वार, रेप की आशंका खारिज

प्रेमी ने ही दोस्त के साथ मिलकर दिया था घटना को अंजाम, दोनों गिरफ्तार

PRAYAGRAJ: बेरहमी से की गई विमला देवी (45) की हत्या के राज से मंगलवार को पर्दा उठ गया। कत्ल के पीछे उसका शाहखर्च व्यवहार व इश्कबाजी थी। परिवार के सदस्य भी इससे वाकिब थे। शायद इसीलिए आरोप सीधे मृतका के पुरुष मित्र पर लगाया गया। इसी के आधार पर तहरीर भी दी गयी । पुलिस पड़ताल में जुटी और आरोपित प्रेमी को देर रात गिरफ्तार कर ली। उसने घटना को कबूल कर लिया है। महिला, प्रेमी से बराबर पैसे देने का दबाव बनाती थी। इससे तंग आकर उसने उसकी हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया था।

हत्या के बाद लाकर फेंका

जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित अमाई गांव निवासी विमला, शारदा हरिजन की पत्‍‌नी थी। शारदा भिमंडी में काम करता है। दोनो बेटे भी उसके साथ ही रहते हैं। दो बेटियों के साथ विमला गांव में रहती थी। पिछले माह वह भिमंडी घूमने बेटे नीरज के साथ गई थी। इस महीने बेटा उसे छोड़ने के लिए साथ आया था। गांव में उसका देवर रामसागर परिवार के साथ अलग रहता है। दोनों के मकान सटे हुए हैं। विमला की अ‌र्द्धनग्न बॉडी सोमवार को सरायममरेज एरिया स्थित वारीनीबी गांव के पास झाड़ी में मिली थी। पास में पड़े उसके मोबाइल के जरिए मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी शिनाख्त की थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पता चला कि उसके बदन पर एक दो नहीं बड़ी चाकू से कुल 23 वार किए गए थे। बॉडी अ‌र्द्धनग्न देख जताई जा रही रेप की आशंका पोस्टमार्टम के बाद खारिज हो गयी।

आठ साल से थे दोनों के बीच सम्बंध

विमला का पति शारदा भिमंडी से मंगलवार दोपहर तक यहां नहीं पहुंचा था। देवर रामसागर और बेटा नीरज के साथ पहुंचे लोगों की मौजूदगी में विमला की बॉडी का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के बीच दो डॉक्टर्स के पैनल ने किया। पोस्टमार्टम में रेप की पुष्टि नहीं हुई। उसके चेहरे, हाथ, पैर और प्राइवेट पार्ट के आसपास चाकू से वार के दो दर्जन से अधिक निशान मिले। देवर ने बताया कि वह शाह खर्च होने के साथ वह आशिक मिजाज थी। मोहल्ले में इसकी चर्चा थी। उसने पुलिस को बताया कि सरायममरेज के सरइया गांव निवासी संजय कुमार गौतम पुत्र दयाशंकर उससे मिलने अक्सर घर आया करता था। संजय राजगीर का काम करता है। जग हंसाई को देखते हुए उसने भाभी विमला को नसीहत दी थी कि वह उसके घर आने पर पाबंद लगाएं पर ऐसा हुआ नहीं। देवर के अनुसार विमला सोमवार की सुबह नौ बजे छोटी बेटी अर्चना के साथ बैंक से पैसा निकालने निकली थी। बाजार में बेटी समोसे लेने गई तो विमला गायब हो गई। रोते हुए बेटी घर पहुंची और सारी बात बताई। सभी उसकी तलाश कर रहे थे कि पुलिस ने उसी के नंबर से फोन कर हत्या की खबर दी। बेटे नीरज की तहरीर पर संजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पैसों की डिमांड से तंग आकर मारा

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में संजय ने घटना को अंजाम देने की बात कबूल किया। बताया कि विमला से उसके करीब आठ साल से प्रेम सम्बंध थे। दोनों अक्सर एक दूसरे से मिला करते थे। विमला पिछले कुछ वर्षो से बराबर पैसों की डिमांड करने लगी। वह बराबर उसे पैसे देता गया। उसका अपना खुद का भी परिवार है। परिवार में पैसे कम पड़ने लगे और बात घर तक जा पहुंची। संजय का परिवार टूटने के कगार पर पहुंचा तो वह दोस्त राजितराम गौतम पुत्र स्व। रामकैलाश निवासी रिखीपुर सरायममरेज के साथ मिलकर उसकी चाकू से गोदकर हत्या के बाद शव फेंक दिया।

देर रात आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया तो उसने कत्ल की वजह को बयां किया। महिला द्वारा पैसों की डिमांड से तंग आकर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतारा था। उसके दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

-माजिद अब्बास,

सीओ हण्डिया