प्रयागराज (ब्‍यूरो)। हिना ने रितिक को बहुत चाहा। हिना रितिक की मोहब्बत में पागल हो गई। उसने रितिक का हर कहना माना। मगर रितिक ने मोहब्बत करके हिना को धंधेबाज बना दिया। रितिक ने हिना से हर घिनौना काम कराया। उसकी वीडियो बना ली। एक समय रितिक उसे ब्लैकमेल करने लगा। मगर मोहब्बत की मारी हिना रितिक का हर जुल्म बर्दाश्त करती रही। हिना मोहब्बत निभाती रही और रितिक हिना के जरिए पैसा कमाता रहा। और एक वक्त आया जब हद हो गई। जब हिना के सामने ही रितिक दूसरी लड़की से हम बिस्तर होने लगा। हिना ने सब बर्दाश्त कर लिया, मगर सौतन बर्दाश्त नहीं कर पाई। हिना के सामने मारने या मर जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। आखिरकार हिना ने अपने हाथों रितिक पर चाकू से तब तक वार किए जब तक वह मर नहीं गया। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने हिना को गिरफ्तार कर लिया है।

लखनऊ में हुई थी मुलाकात
आजमगढ़ के अफजलपुर का रहने वाला रितिक रोशन लखनऊ में मामूली टैक्सी ड्राइवर था। वह अक्सर पीवीआर मॉल जाता था। इस दौरान उसकी मुलाकात हिना से हुई। हिना की पीवीआर मॉल में गेट पर ड्यूटी रहती थी। आने जाने के दौरान हिना और रितिक के बीच मोहब्बत हो गई। फिर अक्सर समय मिलते ही रितिक हिना के पास पहुंच जाता था। ये बात 2018 की है। करीब छह महीना बाद रितिक ने हिना की नौकरी छुड़वा दी। दोनों की मोहब्बत परवान चढ़ चुकी थी। दोनों लिव इन रिलेशन में साथ रहने लगे।

प्रेमी कराने लगा धंधा
हिना एक दिन आवाक रह गई। जब शाम के समय रितिक उसे अपने साथ घुमाने ले गया। रितिक ने हिना को एक शख्स के साथ जाने के लिए कहा। रितिक ने उसे अपना परिचित बताया। भरोसा करके हिना चली गई। मगर रितिक का परिचित हिना को होटल ले गया। वहां हिना के विरोध के बाद भी उसके साथ गलत काम किया। और यहां से हिना के रास्ते बदल गए। हिना ने रितिक से बहुत झगड़ा किया मगर उसका साथ नहीं छोड़ा। इसके बाद रितिक अक्सर हिना के साथ यही करता। इस दौरान जब हिना विरोध जताने लगी तो रितिक ने हिना का वीडियो बना लिया। उसे वायरल करने की धमकी देने लगा। मगर हिना चुपचाप उसके सारे जुल्म सहती रही।

छोड़कर साथ आ गई घर
करीब दो साल पहले हिना को एक और झटका तब लगा जब रितिक अपनी परिचित एक लड़की को रात में घर ले जाया। हिना को कमरे में भेजकर रितिक उसके साथ दूसरे कमरे में चला गया। यह हिना को बर्दाश्त नहीं हुआ। हिना बहुत नाराज हुई। इसके बाद वह रितिक को छोड़कर घर लौट आई। धूमनगंज की रहने वाली हिना लौट तो आई मगर मोहब्बत की कसक जब दिल में हिलोरे मारती तो वह रितिक को फोन करती। कई महीने बाद रितिक उससे मिलने प्रयागराज आने लगा।

सब बर्दाश्त पर सौतन नहीं
हिना को सब बर्दाश्त था मगर सौतन बर्दाश्त नहीं थी। इस बात के लिए हिना ने कई बार रितिक को टोका। मगर रितिक की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ा। जब हिना को पक्का यकीन हो गया कि रितिक दूसरी लड़की का चक्कर नहीं छोड़ेगा तो हिना मरने मार देने पर तुल गई।

और आ गया लड़की का फोन
17 मार्च को रितिक हिना से मिलने आया। रितिक ने हिना को मिलने के लिए बुलाया। इस दौरान वह अपने भाई समीर के साथ उससे मिलने पहुंची। हिना उसके साथ कार में बैठ गई। रितिक उसे कार से एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में भगवतपुर के पास ले गया। पीछे बाइक पर हिना का भाई समीर था। हिना और समीर कार में थे। इस दौरान रितिक का एक साथी मनीष भी था। मनीष बाहर चला गया। दोनों अंदर कार में बात कर रहे थे। तभी रितिक के मोबाइल पर लड़की का फोन आ गया। हिना ने चाकू ले रखा था। आपा खोई हिना ने चाकू निकाल कर रितिक पर वार करना शुरू कर दिया। एक के बाद एक कई वार किए। रितिक लहुलूहान हो गया। रितिक ने विरोध करना चाहा तो समीर ने भी चाकू से उसे मारा। रितिक ने दमतोड़ दिया। इसके बाद सभी रितिक की बॉडी सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। मामले में समीर और मनीष को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने अब हिना को भी पकड़ लिया है।

17 मार्च की रात को एक बॉडी मिली थी। उसकी पहचान रितिक रोशन के रूप में की गई थी। मामले में मुख्य आरोपित हिना को गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य आरोपित पूर्व में जेल भेजे जा चुके हैं।
अरुण सिंह
थाना प्रभारी एयरपोर्ट