प्रयागराज (ब्‍यूरो)। नशे में धुत एक युवक ने अपनी पत्नी को चाकू से गोद डाला। घटना के वक्त पति और पत्नी दोनों नशे में थे। दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद पति ने कमरे में पत्नी को खींच लिया। कुछ देर तक दोनों के चीखने चिल्लाने की आवाज आती रही। इसके बाद आवाज शांत हो गई। घटना कीडगंज थाना क्षेत्र के धरिकार बस्ती की है। हत्या के बाद युवक बॉडी के पास ही सो गया। पिता की हरकत से चार बच्चे दहशत में आ गए। रात भर बच्चे दहशत में चुपचाप लेटे रहे। सुबह मामले का पता चला तो पुलिस एक्टिव हुई। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पत्नी पति दोनों करते थे नशा
धरिकार बस्ती में मुन्नू निषाद अपनी पत्नी ममता, तीन बेटियों और एक बेटे के साथ रहता था। मुन्नू नाव चला कर परिवार पालता था। मुन्नू स्मैका का नशा करता था। जबकि पत्नी ममता शराब की लती थी। ममता भी आसपास के घरों में छोटा मोटा काम करके पैसा कमा लेती थी। पति पत्नी दोनों नशे के लती थे। ऐसे में रोज दोनों के बीच घर के खर्च को लेकर झगड़ा होता रहता था। दोनों के झगड़े से धरिकार बस्ती के लोग आजिज आ गए थे। मगर वे कुछ बोलते नहीं थे।

नशे में धुत होकर आया मुन्नू
मंगलवार रात मुन्नू नशे में धुत होकर घर पहुंचा। घर पर ममता ने भी शराब पी रखी थी। दोनों के बीच घर के बाहर झगड़ा होने लगा। मां बाप का झगड़ा देख बच्चे सहम गए। चारों बच्चे घर के अंदर चले गए। इस बीच मुन्नू ने ममता को घर के अंदर खींच लिया। मुन्नू ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार ममता पर कर दिए। खून से लथपथ ममता ने दमतोड़ दिया। उसकी मौत हो गई। मुन्नू इस कदर नशे में था कि वह ममता की बॉडी के पास ही सो गया। पिता की हरकत देख चारों बच्चे दहशत में आ गए। बच्चे चिल्ला भी नहीं सके। बच्चे रात भर कमरे में ही दुबके पड़े रहे। सुबह एक रिश्तेदार मुन्नू के घर पहुंचा। उसने दरवाजा को धक्का दिया। अंदर ममता की बॉडी पड़ी थी। मुन्नू और बच्चे सो रहे थे। रिश्तेदार ने बाहर आकर हल्ला मचाया तो ममता की मौत का पता लोगों को चला।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
कुछ ही देर में घटना की सूचना कीडगंज पुलिस के पास पहुंच गई। पुलिस ने पहुंचकर मुन्नू को गिरफ्तार कर लिया। बच्चों से पूछताछ में पता चला कि ममता का मायका दिल्ली में है। इसके बाद पुलिस ने ममता के मायके वालों को घटना की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक मायके वालों के आने के बाद बॉडी का पोस्टमार्टम होगा।

धरिकार बस्ती में पति ने अपनी पत्नी की हत्या की है। पति मुन्नू को गिरफ्तार किया गया है। मायके वालों को सूचना दी गई है। मायके वालों के आने के बाद गुरुवार को बॉडी का पोस्टमार्टम होगा। मुन्नू ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है।
राजेश यादव, एसीपी शिवकुटी