- मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते कुछ दिन हल्की बारिश के आसार, तेज धूप से लोगों को मिलेगी कुछ राहत

बरेली : मानसून की पहली बारिश 18 जून को हुई। करीब 35 मिलीमीटर बारिश होने के बाद से अब तक बरसात नहीं हुई। आसमान में तेज धूप और लगातार उमस ने लोगों को बेहाल किया हुआ है। जबकि मौसम विज्ञानियों का मानना था कि लगातार बारिश होगी। करीब हफ्ते भर बाद एक बार फिर मानसून हल्का-फुल्का असर दिखा सकता है।

फिर बदला मौसम का मिजाज

पंत नगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा.आरके सिंह ने बताया कि मानसून आने के करीब हफ्ते भर बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। शुक्रवार को दिन में अधिकांश समय आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि उम्मीद के बावजूद बरसात नहीं हुई। विभाग के मुताबिक आने वाले छह दिनों में मौसम कुछ बदलेगा। 26 और 27 जून को अधिकांश समय आसमान साफ रहेगा। वहीं, 28 जून को हल्की बरसात होने के आसार हैं। 29 जून को फिर से आसमान में बेहद कम समय के लिए काले बादल छाएंगे। इसके बाद 30 जून को करीब 15 मिलीमीटर तक बरसात होगी।

तापमान पर खास असर नहीं

मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक आने वाले दिनों में भले ही बरसात होगी। लेकिन इससे तापमान पर खास असर नहीं पड़ने वाला है। न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज के करीब रहेगा। वहीं, अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।

36.5 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान

आसमान में शुक्रवार को भले ही अधिकांश दिन बादल छाए रहे। हालांकि बावजूद इसके शुक्रवार का अधिकतम तापमान गुरुवार के मुकाबले ज्यादा रहा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार का अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि गुरुवार का अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.9 डिग्री सेल्सियस था।