- कैंट क्षेत्र का मामला, साढ़े तीन महीने पहले ही हुई थी शादी, पहले दिन से पति नहीं करता था पसंद

बरेली। शादी के बाद एक विवाहिता अपने ससुराल पहुंची तो पहले दिन से ही उसे पति का व्यवहार संदिग्ध लगा। परेशान रहने पर उसने छानबीन की तो जानकारी मिली की पति उसे पसंद नहीं करता, साथ ही पति के उसकी भाभी से संबंध भी हैं। कई बार दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद उसने विरोध किया तो ससुरालियों ने परिस्थितियां सुधरने की बात कहते हुए मामला दवा दिया। लेकिन पति के व्यवहार में कोई फर्क नहीं आया। इस पर पीडि़त विवाहिता ने अपने मायके वालों को बुलाकर सारी बात बताई और पुलिस से धोखा देकर उसकी जिंदगी तबाह करने की शिकायत करने की चेतावनी दी को पति ने उसे पीट दिया। इतना ही नहीं तीन तलाक बोलकर उसे बेघर भी कर दिया। अब पीडि़ता की शिकायत पर कैंट थाने में पति समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पति-जेठानी को कई बार आपत्तिजनक स्थिति में देखा

पीडि़ता ने बताया कि चार नवंबर को उसकी शादी कैंट क्षेत्र के गांव ठिरिया निजावत खां निवासी माहिर खां से हुई थी। शादी के बाद से ही पति उससे दुरव्यवहार करता था। उसने जब मामले की छानबीन की तो सामने आया कि पति के उसकी जेठानी से अवैध संबंध है। कई बाद उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा भी। लेकिन ससुराल वालों को इन अवैध संबंधों से कोई फर्क नहीं पड़ता।

जबरदस्ती की तो उठाया चाकू

पीडि़ता के मुताबिक 11 फरवरी को वह घर पर अकेली थी। इस दौरान दोपहर में पति माहिर अचानक घर पहुंच गया और उसे कमरे में बंद कर लिया। आरोप है कि पति ने उससे मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। बचने का जब उसे कोई रास्ता नजर नहीं आया तो उसने मेज पर रखा चाकू उठा लिया और पति को धमका दी। इसके बाद पति उसे छोड़कर भाग निकला।

मायके वालों को भी पीटा

पीडि़ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इतना सब होने के बाद जब उसने मायके वालों को मामले की शिकायत करने के लिए बुलाया तो ससुराल वाले उनसे भी लड़ने लगे। जब उनसे पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो पति ने उसे पीटा और तीन तलाक बोल दिया। इसके बाद सास रजिया बी, जेठानी तरमीम, ससुर हकदाद खां, जेठ ताहिर, ननद नूर आफ्शा, तबस्सुम, तरन्नुम व हसीन समेत अन्य लोगों ने मायके वालों के साथ मारपीट शुरू कर दी।