लखनऊ (ब्‍यूरो)। Dhanteras 2020: धनतेरस के दिन से दिवाली पर्व की शुरुआत हो जाती है। धनतेरस के दिन सोना-चांदी के अलावा बर्तन खरीदने का रिवाज है। मान्यता के मुताबिक इस दिन मां लक्ष्मी व कुबेर की कृपा पाने के लिए घर में सफाई करना बेहद जरूरी होता है। आचार्य शक्तिधर त्रिपाठी ने बताया कि धनत्रयोदशी यानि धनतेरस कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी 13 नवंबर को मनाई जाएगी। त्रयोदशी 12 नवंबर की रात्रि 9:30 बजे से 13 नवंबर की शाम 06:00 बजे तक रहेगी। इस दिन धनाध्यक्ष कुबेर की पूजा होती है व धनवंतरि जयंती भी मनाई जाती है।

शुभ लगन में खरीदें सामान

पंडित प्रदीप तिवारी ने बताया कि सनातन परंपरा के अनुसार धनतेरस के दिन पर कुछ न कुछ नया सामान घर में लाने का पुराना रिवाज है। शुभ लगन में किसी वस्तु को खरीदना अच्छा माना जाता है। लेकिन, वस्तु के विपरीत स्वभाव वाले लगन में कोई चीज खरीदी जाए तो उसे शुभ नहीं माना जाता है। लोगों को स्थिर लगन में जमीन, सोना, घर, वाहन आदि खरीदना चाहिए। वहीं वाहन व इलेक्ट्रिक आइटम चर लगन में खरीदना चाहिए। धनतेरस के दिन अगर आप कोई बर्तन खरीद रहे हैं तो उसे खाली न रखें।

शुभ समय का रखें ध्यान

13 नवंबर को पूरे दिन खरीदारी का मुहूर्त है। सुबह 7:46 से 10:29 बजे तक और सुबह 11:50 से दोपहर 1:12 बजे तक खरीदारी की जा सकती है। दोपहर बाद 3:55 बजे से शाम 5:16 बजे तक और रात 8:34 बजे से रात 10:12 बजे तक खरीदारी करना शुभ है। सुबह 11:02 बजे से दोपहर 12:12 बजे तक और 5:16 बजे से शाम 7:54 बजे तक प्रदोषकाल में खरीदारी लाभप्रद रहेगी।

इन चीजों को न खरीदें

- शीशा या उससे बने सामान

- धारदार सामान

- काले रंग की वस्तु

- लोहा

इनका खरीदना शुभ

- श्रृंगार में यूज होने वाली चीजें

- झाड़ू

- हल्दी की गांठ

- खील और बताशे