लखनऊ (ब्यूरो)। संसद में कलर स्मोक छोड़ने वाले सागर शर्मा का परिवार भी शक के दायरे में है। इसे देख लोकल पुलिस भी एक्शन में आ गई है। मानकनगर थाना पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने परिवार से करीब आठ घंटे पूछताछ की। सागर की बहन, मां और पिता से पहले एक साथ और फिर अलग-अलग सवाल किए गए। हर सवाल का परिवार के पास रटा-रटाया जवाब था, हम उसकी हरकत से वाकिफ नहीं थे। अगर पता होता तो उसे दिल्ली नहीं जाने देते।

सागर के घर पर ताला

पुलिस ने सागर की मां रानी और बहन माही को पूछताछ के लिए कस्टडी में लिया था। देर शाम जब उसके पिता रोशन लाल काम से लौटे तो उनसे भी गुरुवार को लंबी पूछताछ की गई। पुलिस के बड़े अधिकारी भी रामनगर कालोनी स्थित सागर के घर गए और उसके पड़ोसियों और दोस्तों से जानकारी जुटाई। गुरुवार को सागर के घर ताला जड़ा था। सूत्रों के अनुसार स्पेशल टीम परिजनों को पूछताछ के लिए साथ ले गई है।

रिश्तेदारों की भी डिटेल खंगाली

सागर के मामा ने कहा कि वह किसी के बहकावे में आया है। इसके पीछे जो भी है उस पर सख्त एक्शन लिया जाए। वहीं एजेंसियों ने सागर के दोस्तों और रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर लिए हैं। पड़ोसियों से भी सागर के बारे में जानकारी ली गई है। एजेंसियां पता लगा रही हैं कि सागर दिल्ली जाने से पहले किन-किन लोगों के संपर्क में था।

बंगलौर से लौटने के बाद बनाई दूरी

जांच में पता चला है कि बंगलौर से लौटने के बाद सागर ने लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया था। पड़ोसियों से वह बात नहीं कर रहा था। वह किसी संगठन से जुड़ा है, इसकी जानकारी भी दोस्तों और परिजनों को नहीं है। एजेंसियों की नजर बंगलौर में रहने वाले सागर के परिचितों पर भी है। दूसरी ओर एलआईयू भी इस मामले में लग गई है। सागर के सोशल मीडिया अकाउंट को भी खंगाला जा रहा है। सोशल मीडिया की जांच से पता चला है कि फेसबुक पर उसके दो अकाउंट हैं। इधर कई दिनों से वह सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं था।

किए गए सवाल जवाब के कुछ अंश

सवाल- तुम्हारे बेटे ने क्या हरकत की है?

जवाब- क्या किया, साहब हमको पता है।

सवाल- सागर कहां है इस समय?

जवाब- वह तो दिल्ली गया है, प्रदर्शन में शामिल होने।

सवाल- उसने संसद पर हमला किया है पता नहीं है?

जवाब- हमें कुछ नहीं मालूम साहब, उसने ऐसा क्यों किया।

सवाल- उसने तो बताया कि घरवालों को सब पता है?

जवाब- उसने ऐसा कुछ नहीं बताया।

सवाल- सागर बंगलौर क्यों गया था?

जवाब- वह तो नौकरी के लिए गया था, दो साल रहा भी।

सवाल- कब आया और क्या करता था?

जवाब- रक्षाबंधन में आया, बताया कि नौकरी कर रहा है।

सवाल- वहां से लौटने के बाद क्या करता था?

जवाब- किराए पर ई-रिक्शा लेकर चलाता था।

सवाल- घर में कौन-कौन उससे मिलने आता था?

जवाब- वह किसी से मतलब नहीं रखता था।

सवाल- फिर दिल्ली क्या करने गया था?

जवाब- प्रदर्शन में शामिल होने गया था, इससे ज्यादा नहीं मालूम।

सवाल- घर का खर्चा कैसे चलता है?

जवाब- सागर के पिताजी कारपेंटर हैं, वही चलाते हैं।

सवाल- सागर पैसा नहीं देता था?

जवाब-नहीं, वह नौकरी की तलाश में था।

सवाल-किन-किन दोस्तों के लिंक में था सभी का नंबर दो।

जवाब- कुछ दोस्तों के नाम गिनाए।