कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र की घटना, बेटे ने पूछताछ में खोला राज

मंगलवार को बबीता को महिला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।

Meerut। रविवार सुबह कंकरखेड़ा की सैनिक विहार कॉलोनी में मजदूर का शव मिलने की घटना का पुलिस ने राजफाश कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी बबीता को गिरफ्तार किया है। मृतक के बेटे के बयान के आधार पर पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसने भी अपना जुर्म कुबूल लिया।

पति-पत्नी में था विवाद

प्राप्त जानकारी के मुताबिक कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी नानकचंद (45) पुत्र सतपाल का पत्नी बबीता से काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। जिस कारण बबीता बच्चों संग कंकरखेड़ा क्षेत्र में ही मार्शल पिच के पास रहती है। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह पांच बजे बबीता ने कंट्रोल रूम पर पति द्वारा मारपीट करने की सूचना दी थी।

बेटे ने खोला राज

पुलिस मौके पर पहुंची तो नानकचंद का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को नानकचंद के बेटे अंकित से पूछताछ की तो उसने सारा राज खोल दिया। बताया कि रविवार रात 12 बजे ही उसकी मां ने चुनरी से गला घोंटकर पिता को मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद जब बबीता से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि नानकचंद मजदूरी करता था और शराब पीने का भी आदी था। शराब के लिए वह घर का सामान भी बेच देता था। साथ ही आए दिन वह पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट भी करता था। बबिता उसकी बुरी आदतों से परेशान थी। घर को बर्बादी से बचाने के लिए उसने पति की हत्या की। कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को बबीता को महिला कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।