-पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार, शांति भंग में किया चालान

-दोनों पक्षों के बीच जमकर हुआ हंगामा

MANGLORE: राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप पड़ी विवादित भूमि पर पुराने निर्माण को तोड़कर नया निर्माण कर रहे लोगों को पुलिस ने भगा दिया। इस दौरान मौके पर हंगामा भी हुआ। पुलिस ने दो लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

दो पक्षों के बीच हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार मंगलौर के राजमार्ग के समीप स्थित एक भूमि पर दो पक्षों मे स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा है। इस भूमि को लेकर दोनों पक्षों में कई बार झगड़ा भी हो चुका है। दोनों ही पक्ष विवादित भूमि को अन्य लोगों को बेचकर आर्थिक लाभ कमाने मे लगे हैं। एक पक्ष ने विवादित भूमि के कुछ भाग को लगभग पन्द्रह दिन पहले लक्सर के ग्राम सढेडी निवासी एक व्यक्ति को बेच दिया। रविवार की सुबह सात बजे के उक्त पक्ष के लोग सरकारी अवकाश का लाभ उठाकर विवादित भूमि पर पहुंचे और वहां पर पूर्व मे हुए निर्माण को तोडकर अपना कब्जा करने के इरादे से नवनिर्माण शुरू करा दिया।

पुलिस की भी नहीं सुनी

इस बात की जानकारी जब दूसरे पक्ष के लोगों को मिली तो वह भी मौके पर पहुंच गये और विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच तनातनी हो गई। सूचना पाकर चौकी प्रभारी कैलाश बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुचे और दोनों पक्षों को वहां से हटने के लिए कहा। दोनो पक्षों ने पुलिस की चेतावनी को अनसुना कर दिया। इस पर पुलिस ने दोनो पक्षों को भगाने के लिए लाठियां फटकानी शुरू की। इस पर दोनों पक्षों में भगदड़ मच गई। चौकी प्रभारी कैलाश बिष्ट ने बताया कि विवादित भूमि को कुर्क करने के लिए एक सौ पैंतालिस की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके से पकडे़ गये अकरम और मोहब्बत अली का शांति भंग करने की धारा में चालान कर दिया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि कि एक माह पहले भी शाम को इसी विवादित भूमि पर झगडा होने पर पुलिस ने पांच लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया था