JAMSHEDPUR: जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र में अगले चार दिनों तक झमाझम बारिश होगी। मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिण क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया कि 19 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से झारखंड के दक्षिण, पश्चिम और मध्य भागों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी। इसका असर शहर और आसपास के क्षेत्र में मंगलवार से देखने को मिलेगा। मंगलवार से चार दिनों तक रोज बारिश होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं नदियों का जलस्तर भी बढ़ने की संभावना है।

बाढ़ की नौबत

नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की नौबत आ सकती है। वैसे जिला प्रशासन संभावित बाढ़ को लेकर पहले से ही अलर्ट मोड़ में है। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद शुरू हुई बारिश सोमवार को भी रूक-रूककर होती रही। सोमवार को हल्की वर्षा हुई, लेकिन दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे के दौरान शहर में 17 मिमी बारिश रिकार्ड किया है। मानसून के एक बाद फिर सक्रिय होने के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी की झलक देखने को मिल रही है। इस वर्ष कोल्हान के तीन में से दो जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। ऐसे में किसान समय पर पूरी खेती नहीं कर पाए। धान रोपनी के सही वक्त पर ही किसानों के खेतों में पानी नहीं था। अल्पवृष्टि के कारण धान की रोपनी का रफ्तार भी धीमा रहा।

जलस्तर पहुंचा 7.5 मीटर

चांडिल डैम के छह फाटक खोले जाने के बाद स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़कर 7.5 मीटर पहुंच गया है। हालांकि सोमवार का सुबह दस बजे जलस्तर 6.6 मीटर दर्ज किया गया था। दस बजे के बाद जलस्तर लगातार बढ़ता गया, जो अधिकतम 7.5 मीटर पर पहुंचकर स्थिर हो गया। शाम चार बजे से छह बजे तक नदी का जलसतर 7.5 मीटर ही था। नदी का जलसतर बढ़ने के बाद अभी तक बाढ़ जैसी नौबत नहीं आई है। वहीं रोज हो रही बारिश के बाद शहर का अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।

चांडिल डैम के छह रेडियल गेट खुले

रोज हो रही बारिश से चांडिल डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद सोमवार को छह रेडियल गेटों को डेढ़-डेढ़ मीटर कर खोल दिया गया है। चांडिल डैम और आसपास के क्षेत्र में सोमवार को बारिश नहीं हुई। नदी के ऊपरी क्षेत्र में बारिश होने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। स्वर्णरेखा व करकरी नदी का पानी चांडिल डैम में जमा होता है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को सामान्य रखने के लिए छह रेडियल गेटों को डेढ़-डेढ़ मीटर तक खोल दिया गया है। फिलहाल डैम का जलसतर 180.80 मीटर है। सोमवार को डैम से नदी में 903.42 क्यूमेक और केनाल में 14.83 क्यूमेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है।