- रविवार की रात हुई बारिश का दूसरे दिन दिखा असर

- धूप से तल्खी रही गायब तो पूरे दिन चली पुरवा हवा

- मौसम विज्ञानियों ने अगले दो दिनों में बारिश की जतायी संभावना

VARANASI

आसमानी बूंदों का असर रहा कि सोमवार के मौसम ने लोगों को खासी राहत दी। रविवार को देर रात हुई बारिश और आंधी का असर दूसरे दिन पूरी तरह दिखायी दिया। दिन में जहां धूप की तल्खी में कमी महसूस की गयी। पुरवा हवा पूरे दिन चली। धूप के चलते इसकी तासीर में थोड़ी कमी रही पर शाम होते ही ठंड का असर दिखायी देने लगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान ने भी शहर के बदले हुए मौसमी मिजाज की गवाही दी। अधिकतम तापमान एक दिन पहले की अपेक्षा तकरीबन तीन डिग्री नीचे 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्यिसस गिरकर 20.5 डिग्री सेल्सियस दजर्1 हुआ।

मौसम ऐसा ही बना रहेगा

मौसम विज्ञानी प्रो एसएन पाण्डेय बताते हैं कि 28 डिग्री उत्तरी आक्षांश से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेस पास हो रहा है। जो पंजाब, हरियाणा, राजस्थान से होते हुए बंगाल बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश से गुजर रहा है। वहीं सतह से लगभग एक किमी की ऊंचाई से पुरवा हवा बह रही है। तीन किमी और उसके ऊपर पछुआ हवा चल रही है। अगर पछुआ हवा स्ट्रांग हुई और सतह की ओर आयी तो यह बारिश का कारण बनेगी। अगर मौसम के पूर्वानुमान की बात करें तो अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। बारिश भी हो सकती है और धूल भरी आंधी भी आस सकती है।

सड़कें रही गुलजार

बदले मौसमी मिजाज ने शहरियों को खासी राहत दी। सुबह जहां ठंडी हवाएं लोंगों को सुकून बांटती रहीं तो शाम को भी लोगों ने इन हवाओं को खूब एंलिया। गंगा घाट से लेकर शहर के पार्को में बच्चों और महिलाओं का खूब जुटान हुआ। गर्मी के चलते सूनी पड़ जाने वाली सड़कें व मार्केट भी पूरे दिन गुलजार रहे।

Posted By: Inextlive