- जंगल छत्रधारी में प्रधान पद के उम्मीदवार धनंजय साहनी की ओर से गांव में बंटवाई गई थी कच्ची शराब

- 13 मरीजों की हालत में भारी सुधार

- सपा जिलाध्यक्ष ने लिया पीडि़तों का हालचाल

GORAKHPUR: पिपराइच एरिया के जंगल छत्रधारी में प्रधान प्रत्याशी की शराब पीकर बीमार पड़े लोगों से सपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर मोहसिन खां ने मुलाकात की। रविवार की दोपहर वह सपा नेताओं के साथ जिलाध्यक्ष मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इलाज करा रहे पीडि़तों से मिलकर उनका हाल जाना। मरीजों और उनके घरवालों को अश्वस्त किया कि किसी के उपचार में कमी नहीं होनी दी जाएगी।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

पीडि़तों से मिलकर सपा जिलाध्यक्ष ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि सरकार किसी के उपचार में लापरवाही नहीं बरतेगी। हर पीडि़त की मदद की जाएगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि घटना के लिए दोषी व्यक्ति कतई बख्शे नहीं जाएंगे। इससे जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सपा जिलाध्यक्ष ने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल आरके सिंह से मिलकर मुकम्मल इंतजाम करने को कहा।

13 की हालत में सुधार, दो गंभीर

जंगल छत्रधारी में प्रधान पद के उम्मीदवार धनंजय साहनी की ओर से गांव में कच्ची शराब बांटी गई। रात में शराब पीकर लोग सो गए। नशा चढ़ने पर लोगों की हालत बिगड़ने लगी। शराब की वजह से गांव में दो लोगों की मौत हो गई। 23 अन्य की हालत खराब होने पर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर छह लोगों को नर्सिग होम में एडमिट कराया गया। अन्य का मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान अन्य मरीजों ने दम तोड़ दिया। शनिवार की शाम नर्सिग होम में एडमिट लोगों को छुट्टी मिल गई। 15 लोगों का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डॉक्टर्स का कहना है कि इनमें सिर्फ दो लोगों की हालत गंभीर है। अन्य 13 को जल्द ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

गांव में हुआ गड़बड़झाला

शराब पीने से मचे कोहराम में बड़ी साजिश की संभावना बढ़ती जा रही है। शराब देने वाले से लेकर बांटने तक की जांच पुलिस ने कर ली है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गड़बड़ी गांव में हुई। पुलिस से जुड़े लोगों ने बताया कि एक ही जगह से कई गांवों में शराब बेची गई थी, लेकिन उन जगहों पर शराब से कोई नुकसान नहीं हुआ। इससे पुलिस मान रही है कि मिलावट का खेल गांव में खेला गया। उधर गांव के कुछ लोगों ने कहा कि इसके पहले 2010 में कुछ लोगों ने धनंजय पर हमला करके घायल कर दिया था।

इस मामले की जांच चल रही है। एक अन्य आरोपी भरत को रविवार को अरेस्ट किया गया। अन्य अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।

गिरजेश तिवारी, एसओ, पिपराइच