लखनऊ (ब्यूरो)। विशेष वृहद पौधरोपण अभियान के अंतर्गत लखनऊ नगर निगम द्वारा सभी जोन, सभी वार्डों में स्थित पार्कों व अन्य सार्वजनिक प्रमुख स्थलों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किये गये। पौधरोपण अभियान का शुभारंभ मेयर संयुक्ता भाटिया ने महानगर स्थित सेक्टर-एल पार्क में पौधा रोपित करते हुए किया। पौधरोपण के समय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद लखनऊ के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव डॉ। रजनीश दुबे ने भी महानगर क्षेत्र में स्थित सतबगलिया पार्क में पौधरोपण किया। इस मौके पर मौजूद नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, सीडीओ रिया केजरीवाल, अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय व पंकज सिंह, पार्षद शैलेंद्र सिंह बल्लू इत्यादि ने भी पौधरोपण किया।

ये पौधे लगाए गए

नगर निगम लखनऊ द्वारा चलाये जा रहे इस पौधरोपण अभियान में वन विभाग द्वारा प्राप्त कराये गये विभिन्न प्रजातियों के शोभाकार, छायादार एवं फलदार वृक्षोंके पौधे जैसे कि अशोक, कचनार, पेल्टोफोरम, गुड़हल, चांदनी, केसिया, टिकोया, गुलमोहर, कनेर, बाटलवृक्ष, नीम, कंजी, पाकड़, चिकरेसिया एवं फलदार पौधों में अमरुद, जामुन, शहतूत, इमली, आम व सागौन आदि के साथ-साथ मनोकामिनी, पुनरजीवा, पेंडला, अशोक मौलश्री, टिबोविया, बॉटलपॉम, कैजुराना, जरूल, जूनीप्रम पौधो का रोपण किया गया।

एलडीए ने रोपित किए 70 हजार पौधे

एलडीए द्वारा अभियान के अंतर्गत 70 हजार पौधे लगाये गये। इसकी शुरुआत प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र द्वारा इको गार्डेन में त्रिशंकरी पौधा (पीपल, बरगद, पाकड़) लगाकर की गई। इसी क्रम में ताज होटल, गोमती नगर के बगल निर्मित की जा रही हरित पट्टी में उप्र शासन के अपर मुख्य सचिव रजनीश दूबे द्वारा पारिजात का पौधा लगाया गया। उपरोक्त के क्रम में सीजी सिटी में प्राधिकरण के वीसी डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी ने चन्दन तथा रुद्राक्ष का पौधा लगाया। प्राधिकरण के सचिव द्वारा रुद्राक्ष तथा बरगद का पौधा रोपित किया गया। इसके अतिरिक्त विशेष कार्याधिकारी अमित राठौर द्वारा जामुन, डीके सिंह द्वारा कचनार, अरुण कुमार सिंह द्वारा चांदनी तथा नजूल अधिकारी अरविन्द त्रिपाठी द्वारा पीपल के पौधे लगाये गये।

69750 पौधे लगाने का लक्ष्य

सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह ने बताया कि शासन द्वारा प्राधिकरण को 69750 पौधे लगाये जाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष आज प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक सहभागिता से अमरूद, जामुन, कचनार, चांदनी, टिकोमा, गुड़हल, सावनी, कनेर तथा बॉटल ब्रश आदि के 69 हजार 900 पौधों का रोपण किया गया।