- शिक्षा विभाग में पर्यावरण सुरक्षा योजना का बन रहा मजाक

- पिछले दो सालों से नहीं लगाया गया एक भी पौधा

- इस साल फिर आया दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

Meerut। शिक्षा विभाग की फाइलों में वृक्षारोपण और पर्यावरण को सुरक्षित करने का लक्ष्य कैद होकर रहा गया है। हालात तो यह है कि हर साल लाखों पौधों को लगाने का लक्ष्य तो विभाग को दिया जाता है। मगर विभाग द्वारा पौधे लगाने का लक्ष्य केवल फाइलों में ही दफन होकर रह जाता है। हम बात कर रहें माध्यमिक शिक्षा विभाग की जहां पिछले दो सालों से चार लाख से भी अधिक पौधों को लगाने का लक्ष्य आ चुका है, लेकिन यह लक्ष्य केवल बंद फाइलों तक ही सीमित होकर रहा गया है।

नहीं लगा एक भी पौधा

यूपी लेवल पर माध्यमिक शिक्षा विभाग को पिछले दो सालों से चार लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य शासन के माध्यम से दिया जा चुका है। लेकिन विभाग द्वारा न तो कोई पौधा लगवाया गया है न ही किसी ने पौधे लगाने का नाम लिया है। पिछले दो सालों में चार लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य बस कागजों का ही होकर रहा गया है। जिसमें दो साल से लगातार मेरठ मंडल पर यह लक्ष्य दोनों विभाग में लगभग तीस हजार आता रहा है। सूत्रों की मानें तो शिक्षा विभाग के आलाधिकारियों ने भी इस जागरुकता अभियान में बिल्कुल भी गंभीरता नहीं दिखाई है। जिसके चलते स्कूलों को निर्देश तक भी नहीं दिए गए हैं। इसीलिए स्कूलों में पौधे नहीं लग पाए हैं।

हर साल गठित होती है समिति

हालांकि इस कार्यक्रम को पूरा करने के लिए हर साल समिति को गठित करने की भी एडवाइस दी जाती है। यह समिति पौधों की प्रजातियों, स्थल व अन्य चीजों का विस्तृत वर्णन देती है। लेकिन पिछले दो सालों में किसी समिति का भी अता पता नहीं है।

फिर मिला लक्ष्य

माध्यमिक शिक्षा विभाग को शासन ने इस बार भी 316 हैक्टेयर भूमि पर 2 लाख पांच हजार तीन सौ बीस पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग की बात करें तो बेसिक शिक्षा विभाग को इस बार चार लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। अगर हम मेरठ मंडल की बात करें तो मंडल में माध्यमिक शिक्षा विभाग को 32 हैक्टेयर पर 20 हजार 951 पौधे और बेसिक शिक्ष विभाग को मंडल में 147 हैक्टेयर पर 95 हजार 326 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें मेरठ के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग को 1 हजार 48 और बेसिक विभाग को आठ हजार 350 पौधे लगाने का लक्ष्य इस बार दिया गया है।

पौधे लगाने के लिए अभी लक्ष्य लेटर आया है। आदेशानुसार स्कूलों को चयनित कर पौधे लगाने का कार्यक्रम किया जाएगा।

-श्रवण कुमार यादव, डीआईओएस