-रांची संपर्कक्रांति एक्सप्रेस से नई दिल्ली भेजी जा रही थीं सभी, एनजीओ को किया गया सुपुर्द

-खेलकूद प्रतियोगिता का झांसा देकर दो महिलाएं ले जा रही थीं झारखंड से नई दिल्ली

-बाल मजदूरी व जिस्मफरोशी के लिए लड़कियों को भेजा जा रहा था नई दिल्ली

mughalsarai

रांची संपर्कक्रांति एक्सप्रेस से नई दिल्ली भेजी जा रही ख्ब् लड़कियों को मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को जीआरपी ने बरामद किया। झारखंड से नई दिल्ली तस्करी कर भेजी जा रही लड़कियों के साथ एक नाबालिग लड़के को भी मुक्त कराया गया। नई दिल्ली में आयोजित किसी खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने का झांसा देकर दो महिलाएं अपने साथ नई दिल्ली लेकर जा रही थीं। जीआरपी के पूछताछ में मालूम चला कि सभी लड़कियों को बाल मजदूरी व जिस्मफरोशी के लिए नई दिल्ली भेजा जा रहा था। इनमें से सात लड़कियां नाबालिग हैं। सभी लड़कियों को जीआरपी ने दो संस्थाओं को सुपुर्द किया है।

जीआरपी ने की घेरेबंदी

मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की टीम बिहार-झारखंड से आने वाली सभी ट्रेनों में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी बीच जीआरपी को इन्फॉर्मेशन मिली कि अप रांची संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो दर्जन आदिवासी लड़कियों को तस्करी कर नई दिल्ली भेजा जा रहा है। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही जीआरपी ने घेराबंदी कर सभी लड़कियों को कोच से बरामद किया। जिनमें सात नाबालिग लड़कियां व एक नाबालिग लड़का शामिल रहा। लड़कियों के निशानदेही पर दो आरोपी महिलाओं को भी अरेस्ट किया गया। बच्चियों ने जीआरपी को बताया कि नई दिल्ली में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उन्हें नई दिल्ली ले जाया जा रहा था। जीआरपी ने सभी लड़कियों को एनजीओ साथी व प्रयत्‍‌न को सौंपा है। साथ ही लड़कियों के परिजनों को भी सूचना दी गई।

तस्करी का है नेक्सस

जीआरपी की पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि सभी लड़कियों को नई दिल्ली पहुंचाने के लिए उन्हें एक लड़की के पीछे आठ से दस हजार रुपये मिलते हैं। आरोपी महिलाओं ने स्वीकारा कि लड़कियों को निर्माणाधीन फ्लैट, होटल्स, हॉस्पिटल्स सहित घरों में बंधुआ मजदूरी व जिस्मफरोशी के लिए भेजा जा रहा था। महिलाओं ने बताया कि हमें सिर्फ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक लड़कियों को पहुंचाना था, इसके बाद वहां दूसरी पार्टी आकर लड़कियों को अपने साथ लेकर जाती। लड़कियों को उनके काम के एवज में प्रति माह पांच से छह हजार रुपये मिलते हैं। जीआरपी इंस्पेक्टर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि दोनों महिलाओं पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया और इस खेल में शामिल मेन तस्करों तक पहुंचने के लिए एक टीम गठित की जा रही है।